Show your support

Monday, October 15, 2018

बालासुंदरी में दरकी पहाड़ी, मची भगदड़

त्रिलोकपुर शक्तिपीठ में नवरात्र में उमड़ी थी भीड़; मलबे के साथ आ गिरा बरगद का पेड़, तीन भक्त घायल

नाहन – उत्तर भारत की प्रमुख शक्तिपीठ बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में रविवार को अचानक पहाड़ी दरकने से बरगद का विशालकाय पेड़ धराशाई हो गया। नवरात्र की बेला और ऊपर से रविवार के दिन उमड़ी भीड़ में एक दम अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में आधा दर्जन से अधिक दुकानें भी मलबे में दब गईं, जिसमें लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। जैसे ही घटना हुई मेले में पहुंच रहे हजारों श्रद्धालुओं में हड़कंप सा रहा तथा पुलिस व प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली तथा राहत कार्य आरंभ किया। पुलिस की ओर से डीएसपी मुख्यालय बबीता राणा, जो कि मेले के लिए पुलिस अधिकारी नियुक्त हैं, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं तथा मलबे में दबे युवक अशोक कुमार पुत्र वेद प्रकाश निवासी टडवी शाहबाद हरियाणा को मलबे से निकलवाने में मदद की। घटना की जानकारी के बाद लोक निर्माण विभाग व स्थानीय पंचायत के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। त्रिलोकपुर मेले के दौरान मंदिर के समीप ही सड़क निर्माण का कार्य टोकियों पुल के समीप चल रहा है, जहां विशाल बरगद का पेड़ पहाड़ी के साथ धंस गया। मलबे के नीचे आधा दर्जन से अधिक दुकानें भी दब गई हैं, जिसमें हजारों रुपए का नुकसान मटियामेट हो गया है। मलबा गिरने से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा तथा कुछ समय तक यातायात व्यवस्था भी बाधित रही। प्रशासन व पुलिस ने लोक निर्माण विभाग के सहयोग से तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की। त्रिलोकपुर में इन दिनों आश्विन नवरात्रों का मेला चला हुआ है। रविवार क्योंकि अवकाश का दिन है, ऐसे में श्रद्धालुओं की अधिक संख्या रहती है तथा घटना वाले स्थान पर मलबा खिसकने से काफी देर तक व्यवस्था बनाने में भी परेशानी आई। एसडीएम विवेक शर्मा ने मौके पर पहुंच संबंधित पटवारी को घटना में हुए नुकसान का जायजा लेने के निर्देश जारी किए।

ये श्रद्धालु जख्मी

अशोक कुमार को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तुरंत कालाअंब स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके अलावा फतेहगढ़ पंजाब निवासी शहनाज को भी चोटें आई हैं।

मलबे में दब गई कई दुकानें

जिन छोटे दुकानदारों का सामान मलबे के नीचे दबा, उसमें फतेहगढ़ पंजाब की शहनाज की दुकान, बिहार के कृष्णा प्रसाद, यूपी के बथाऊ निवासी कलीमूदीन व शिवू व यमुनानगर के रामचंद्र के अलावा यूपी के मुजफ्फरनगर के राजू की दुकानें मलबे के नीचे दफन हो गई हैं।

सबसे ज्यादा नुकसान

सबसे अधिक नुकसान यमुनानगर निवासी दुकानदार रामचंद्र को हुआ है, जिसकी आइसक्रीम की रेहड़ी मलबे के नीचे दब गई है तथा अनुमान के हिसाब से करीब 40 से 50 हजार रुपए का नुकसान रामचंद्र को हुआ है। इसके अलावा राजू, कृष्णा प्रसाद, करीमूदीन, शिवू व शहनाज आदि को भी दस से 15 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।

The post बालासुंदरी में दरकी पहाड़ी, मची भगदड़ appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a4%be%e0%a4%b8%e0%a5%81%e0%a4%82%e0%a4%a6%e0%a4%b0%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%a6%e0%a4%b0%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%b9%e0%a4%be%e0%a4%a1/

No comments:

Post a Comment