Show your support

Saturday, October 20, 2018

सोलन से दबोचा भगोड़ा जोड़ा

मंडी – करीब दस लाख रुपए की धोखाधड़ी कर फरार चल रहे दंपति को मंडी पुलिस के पीओ सैल ने सोलन में दबोच लिया। जमीन के फर्जी दस्तावेज देकर बैंक से धोखाधड़ी करने का मामला 2011 का है। मामला पुराना है, लेकिन हाल ही में दंपति को उद्घोषित अपराधी करार दिया गया था। मंडी पुलिस का पीओ सैल काफी समय से आरोपी दंपति की तलाश में था, लेकिन शातिर दंपति समय-समय पर अपने ठिकाने बदलता रहा। पुलिस को गच्चा देते हुए दंपति अब तक करीब छह ठिकाने बदल चुका थी। दंपति के सोलन में छिपे होने की भनक लगते ही पीओ सैल की टीम ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दंपति को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार दंपति के विरुद्ध पुलिस थाना सदर में 2011 में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध कोर्ट में चालान पेश कर केस चलाया था, लेकिन दंपति कोर्ट में पेशी के दौरान हाजिर नहीं हो रहा था। हाल ही में कोर्ट ने दंपति को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। गौर हो कि आरोपी दंपति नरेश कुमार पुत्र मोहन लाल व उसकी पत्नी कांता देवी ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मंडी शाखा से जमीन खरीदने के लिए दस लाख का ऋण लिया था। ऋण लेने के बाद करार के अनुसार किस्तों का भुगतान नहीं किया। बैंक से ऋण लेने की एवज में संपत्ति के जो दस्तावेज दिए गए थे, जांच में वे फर्जी पाए गए थे। एएसआई ओम प्रकाश, एचएचसी मोहिंद्र सैणी व दिनेश चौधरी की टीम ने दंपति को सोलन से पकड़ा है। पीओ सैल के प्रभारी सुनील सांख्यान ने इसकी पुष्टि की है।

 

The post सोलन से दबोचा भगोड़ा जोड़ा appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%b8%e0%a5%8b%e0%a4%b2%e0%a4%a8-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%a6%e0%a4%ac%e0%a5%8b%e0%a4%9a%e0%a4%be-%e0%a4%ad%e0%a4%97%e0%a5%8b%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a4%be-%e0%a4%9c%e0%a5%8b%e0%a4%a1%e0%a4%bc/

No comments:

Post a Comment