Show your support

Saturday, October 20, 2018

प्रिय बहन, अपने बच्चें को देख हमारे लाड़लों के लिए मांगें इनसाफ

नूरपुर स्कूल बस हादसे में मृत बच्चों की माताओं ने विधायकों की पत्नियों को लिखे खत, कहा अपने पतियों से न्याय दिलवाने की करें बात

धर्मशाला  – नूरपुर स्कूल बस हादसे में जान गंवाने वाले मासूम बच्चों की माताओं ने प्रदेश के सभी 68 विधायकों की पत्नियों को ‘प्रिय बहन’ का संबोधन करके पत्र भेजा है। इसमें सभी माताओं ने अपने बच्चों को इनसाफ दिलाने के लिए उनसे  उनके विधायक पतियों को जगाने की बात कही है। विधायकों की पत्नियों को लिखे गए पत्र में माताओं ने लिखा है कि ‘प्रिय बहन, अपने बच्चों को देखकर हमारे सीने से स्कूली वर्दी पहनकर अलग हुए बच्चों को न्याय दिलाने का प्रयास करो। हमारे पतियों का ऐसा वजूद नहीं है कि वे न्याय प्राप्त करने के लिए बड़ी लड़ाई लड़ सकें, लेकिन आपके पतियों के पास सत्ता है। हमें बस बच्चों के मौत का काल बनने के कारणों को बताया जाए और भविष्य में ऐसी घटना न हो, बस हम यही चाहते हैं।’  गौर हो कि नूरपुर निजी स्कूल बस हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिजन शुक्रवार को नम आंखों के साथ धर्मशाला में पहुंचे। सभी की जुबान पर एक ही सवाल था कि आखिर उनके बच्चों की मौत के राज से पर्दा कब उठेगा और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी। धर्मशाला में पत्रकार वार्ता करते हुए मासूम बच्चों की माताओं में सुरक्षा देवी, मीना कुमारी, मनोज कुमारी, कमला देवी, रेखा देवी, रीमा देवी, सरला देवी, मंगला देवी और कमला देवी ने कहा कि उन्होंने न्याय के लिए अब सभी विधायकों की पत्नियों को पत्र लिखा है। उन्होंने विधायकों की पत्नियों से पत्र के माध्यम से कहा कि वे उनका दर्द भली-भांति समझ सकती हैं। ऐसे में वे अपने पतियों को समझाएं कि अपने बच्चों को खोने पर जो दर्द होता है, वह कितना पीड़ादायक होता है। उन्होंने कहा कि आप भी एक मां है, आपके बच्चों की तरह ही हमारे भी बच्चे थे।  उन्होंने अंत में कहा कि बहन आप अपने बच्चों की तरफ देखो, बस फिर आप जाग जाएंगी, तो सरकार भी जाग जाएगी।

कोर्ट से मांगा था न्याय

नौ अप्रैल को स्कूल से लौटते हुए निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इससे पहले भी मृतक बच्चों के नाम से सुप्रीम कोर्ट को पत्र भेजा गया था। पीडि़त परिजनों ने डीसी के माध्यम से मुख्य न्यायाधीश को मृतक बच्चों के नाम से पत्र भी लिखा था। पीडि़त परिजनों ने कहा कि हादसे के बाद करवाई गई न्यायिक जांच से वे संतुष्ट नहीं हैं। जहां हादसा हुआ, वहां सड़क खराब है। डंगा ढह चुका है, लेकिन उसे पुनः नहीं लगाया गया है। सड़क खराब होने के बारे में विभाग को तीन बार अवगत करवाया गया, लेकिन इसे नहीं सुधारी गया।  हादसे के लिए जो भी दोषी हो, उन्हें सजा मिलनी चाहिए।

The post प्रिय बहन, अपने बच्चें को देख हमारे लाड़लों के लिए मांगें इनसाफ appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%af-%e0%a4%ac%e0%a4%b9%e0%a4%a8-%e0%a4%85%e0%a4%aa%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%ac%e0%a4%9a%e0%a5%8d%e0%a4%9a%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%a6/

No comments:

Post a Comment