फर्जी शादी गिरोह ने ठगे दो परिवार, दोनों बार गहने-नकदी लेकर फरार हो गई दुल्हन
सरकाघाट – इन दिनों क्षेत्र में फर्जी शादी गिरोह सक्रिय हैं। इस गिरोह ने एक ही नहीं, कई जगह फर्जी शादियां करवाई हैं। मामले में जांच बढ़ने के साथ ही कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। यही नहीं, गिरोह ने अब एक ही पंचायत में एक ही युवती की दो बार शादी करवा दी। इसमें से एक युवक की तो मौत भी हो गई। वहीं, करीब तीन सप्ताह पहले उसी लड़की की शादी इसी पंचायत में दोबारा करवा दी गई। लोगों को इस पर शक हुआ, लेकिन इससे पहले कि लोग कुछ कर पाते, विवाहिता पहले की तरह गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। बता दें कि उपमंडल की बलद्वाड़ा तहसील के समैला में फर्जी शादी गिरोह का मामला सामने आने के बाद अब दूसरे ठगी का शिकार हुए दूल्हे भी सामने आने लगे हैं। बताया जा रहा है कि यह गिरोह करीब पांच-छह साल से सक्रिय है। समैला मामले के बाद अब इसी सिलसिले में एक अन्य मामला 420, 120, 504 और 34 के तहत सरकाघाट पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। शादी करने वाले एक लड़के के पिता अमरनाथ ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। इसमें उन्होंने कहा है कि उनके बेटे की शादी वर्ष 2012-13 में एक स्थानीय महिला एजेंट द्वारा करवाई गई थी। रिश्ते की एवज में महिला एजेंट ने 50 हजार रुपए वसूले थे। शादी पर वर पक्ष की ओर से दुल्हन को चार लाख रुपए के जेवर और कीमती कपड़े दिए थे। कुछ दिन तो सब ठीक रहा, लेकिन थोड़े समय के बाद दुल्हन अपने मामा की बीमारी का बहाना बनाकर गहने और कपड़े लेकर अपने ससुराल से फरार हो गई। पत्नी के गम में उनका लड़का नशे की गर्त में फंस गया तथा एक वर्ष के भीतर ही रहस्यमय परिस्थितियों में गांव के निकट ही उसका शव बरामद किया गया था, जिसके बारे में पुलिस अभी तक जांच कर रही है। इस घटना का पटाक्षेप उस समय हुआ, जब करीब तीन सप्ताह पहले पड़ोस के ही गांव बदार के एक अन्य युवक के साथ महिला एजेंट ने 50 हजार रुपए लेकर उसी लड़की की दोबारा शादी रचा दी। हाल ही में इस संबंध में पुलिस से शिकायत की गई है। वहीं, पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा के पास मामला पहुंचने के बाद इस इस फर्जी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। उधर, डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि दारपा के अमरनाथ की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में जांच की जा रही है। मामले में अन्य लोगों के शामिल होने का शक है।
The post सरकाघाट में युवती की एक ही पंचायत में दो बार शादी appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%b8%e0%a4%b0%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%98%e0%a4%be%e0%a4%9f-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%af%e0%a5%81%e0%a4%b5%e0%a4%a4%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%8f%e0%a4%95-%e0%a4%b9%e0%a5%80/
Post a Comment