पहली बार दीक्षांत समारोह की मेजबानी कर रहे टांडा मेडिकल कालेज ने भेजा एस्टिमेट
शिमला —पहली बार दीक्षांत समारोह की उच्च स्तरीय मेजबानी कर रहे टांडा मेडिकल कालेज ने राष्ट्रपति प्रवास के लिए राज्य सरकार से 15 लाख की अतिरिक्त सहायता मांगी है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग ने सड़कों की मेंटेनेंस से लेकर अन्य खर्चों का भारी-भरकम एस्टीमेट स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 अक्तूबर को एक घंटे के लिए टांडा मेडिकल कालेज में आएंगे। बताते चलें कि वर्ष 1987 में आरंभ हुए टांडा मेडिकल कालेज में पहली बार दीक्षांत समारोह आयोजित हो रहा है। इसके चलते वर्ष 2017 में पासआउट हुए चिकित्सक पीजी तथा एमबीबीएस की डिग्रियां देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों से लेंगे। इससे पहले पिछले तीन दशकों से टांडा मेडिकल कालेज में कोई दीक्षांत समारोह आयोजित नहीं हुआ है। अब तक चिकित्सकों ने प्रिंसीपल ऑफिस में जाकर ही अपनी डिग्रियां हासिल की हैं। लिहाजा पहली बार दीक्षांत समारोह का आयोजन कर रहे टांडा मेडिकल कालेज को इस बार देश के प्रथम नागरिक की मेजबानी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इस बहाने टांडा मेडिकल कालेज और इसको जोड़ने वाली सड़कों सहित ऑडिटोरियम का कायाकल्प तय है। हालांकि वित्तीय संकट के चलते टांडा मेडिकल कालेज ने राज्य सरकार से 15 लाख की राशि दीक्षांत समारोह की मेजबानी के लिए अतिरिक्त मांगी है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग ने लाखों रुपए के अनुमानित खर्च का मसौदा भेजा है। अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में गुरूवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 29 व 30 अक्तूबर को कांगड़ा तथा शिमला के प्रस्तावित दौरे की आवश्यक तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, डा. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में 29 अक्तूबर को प्रथम दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेंगे। वह 30 अक्तूबर, 2018 को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला में 24वें दीक्षांत समारोह में डिग्री प्रदान करेंगे। डा. बाल्दी ने जिला प्रशासन, नगर निगम व सभी सम्बन्धित विभागों को सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। सामान्य प्रशासन सचिव डा. आरएन बत्ता ने कार्रवाई का संचालन किया। पुलिस महानिदेशक एसआर मरड़ी, प्रधान सचिव आरडी धीमान, सेना व प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
1968 में आए थे डा. राजेंद्र प्रसाद
खास यह है कि 50 साल बाद देश के राष्ट्रपति टांडा स्थित स्वास्थ्य संस्थान में शिरकत करेंगे। इससे पहले देश के पहले राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद वर्ष 1968 में टांडा स्थित टीबी अस्पताल में पहुंचे थे। अब ठीक 50 साल बाद देश के 14वें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद टांडा मेडिकल कालेज के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने आ रहे हैं।
The post राष्ट्रपति प्रवास के लिए टीएमसी ने मांगे 15 लाख appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/10/%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%b7%e0%a5%8d%e0%a4%9f%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%aa%e0%a4%a4%e0%a4%bf-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%b5%e0%a4%be%e0%a4%b8-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%b2%e0%a4%bf%e0%a4%8f/
No comments:
Post a Comment