Show your support

Sunday, August 5, 2018

उटप्पर में शहीद को नम आंखों से अंतिम विदाई

श्रीनयनादेवी— जेएंड के के सोपोर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान शहादत का जाम पीने वाले माकड़ी पंचायत के उटप्पर गांव निवासी विजय कुमार का शनिवार शाम राजकीय व सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। शहीद की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए और नम आंखों के साथ शहीद को अंतिम विदाई दी। जानकारी के अनुसार सोपोर के दर्सू गांव में शुक्रवार सुबह एक मकान में छिपे आतंकियों से मुठभेड़ में  विजय शहीद हो गए थे।  शहादत की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार शुरू हो गई थी। पत्नी मेनका का जहां रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं दोनों बेटे 9 साल का निशांत और 4 साल का सुशांत भी गुमसुम से हो गए थे।   शनिवार को विजय का पार्थिव शरीर श्रीनगर से विशेष विमान से पठानकोट और उसके बाद वहां से सेना के हेलिकाप्टर से आनंदपुर साहिब पहुंचाया गया। वहां से सेना की गाड़ी से पार्थिव देह दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे पैतृक गांव उटप्पर पहुंची। जालंधर से सेना के 11 कोर विंग से मेजर आरके उपाध्याय भी साथ थे। गोबिंद सागर के किनारे श्मशानघाट में शहीद विजय के बड़े बेटे निशांत ने पिता को मुखाग्नि दी। सेना व पुलिस की टुकड़ी ने जहां सशस्त्र सलामी दी, वहीं सैन्य अधिकारियों ने शहीद विजय के पिता रणजीत सिंह को तिरंगा सौंपा। राज्य सरकार की ओर से उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर के साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रणधीर शर्मा, नयनादेवी के विधायक रामलाल ठाकुर, डीसी विवेक भाटिया, एसपी अशोक कुमार, स्वारघाट के एसडीएम अनिल चौहान व नयनादेवी के डीएसपी मनोहर लाल ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे

शहीद विजय का पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही माहौल बेहद करुणाजनक हो उठा। पत्नी मेनका को दहाड़ें मार-मार कर रोते देख अन्य लोग भी अपनी आंखें नम होने से नहीं रोक सके। इस दौरान भारत माता की जय  पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी खूब गूंजे।

The post उटप्पर में शहीद को नम आंखों से अंतिम विदाई appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/08/%e0%a4%89%e0%a4%9f%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%b6%e0%a4%b9%e0%a5%80%e0%a4%a6-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%a8%e0%a4%ae-%e0%a4%86%e0%a4%82%e0%a4%96%e0%a5%8b/

No comments:

Post a Comment