Show your support

Saturday, May 26, 2018

नेरवा-भूट-नावी मार्ग की हालत खस्ता

नेरवा – मुंडली व भराणू दो पंचायतों के कई गांवों के लोगों की भाग्य रेखा बन चुका नेरवा-भूट-नावी मार्ग अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। कुठाड से भूट लगभग नौ किलोमीटर इस सड़क में जगह-जगह बड़े-बड़े पत्थर निकल गए हैं व दो-दो फुट तक के गड्ढे पड़ चुके हैं। यही नहीं यह सड़क कई जगह एक तरफ  से धंस चुकी है जिस वजह से इस सड़क पर हर समय हादसे का डर लगा रहता है। दोनों पंचायतों के सैकड़ों लोग प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर इस मार्ग पर सफर करने को मजबूर हैं। ग्राम पंचायत भराणू की प्रधान बिमला सिसोदिया व ग्राम पंचायत मुंडली के प्रधान बलवीर शर्मा ने बताया कि इस मार्ग पर परिवहन निगम की प्रतिदिन दो बसें चलती हैं। भूट, भराणू व खूंद न्योल तीन पंचायतों के दर्जनों गांवों के लोगों के यातायात के लिए यही दो बसें हैं। परिवहन निगम की एक बस शिमला भूट व दूसरी नेरवा जनोग बस इस रुट पर चलती है। मात्र दो बसें होने के कारण यह दोनों ही बसें अकसर खचाखच भरी रहती हैं। इसके अलावा इस सड़क पर दिन भर दर्जनों वाहन सामान व सवारियां लाद कर दौड़ते रहते हैं। सड़क की बदहाली के चलते इस मार्ग पर कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना पेश आ सकती है। बलवीर शर्मा व विमला ने आरोप लगाए हैं कि लोक निर्माण विभाग को कई बार इस मार्ग की दुर्दशा के बारे अवगत कराया जा चुका है परंतु विभाग आंखें मूंदे मूकदर्शक बना हुआ है। विभाग द्वारा न तो सड़क के गड्ढे भरे जा रहे हैं और न ही इसकी कोई मरम्मत की जा रही है। बलवीर शर्मा व बिमला सिसोदिया ने सरकार से मांग की है कि कुठाड से भूट तक सड़क की दशा शीघ्र सुधारने हेतु विभाग को कड़े निर्देश दिए जाएं। इस विषय में लोक निर्माण विभाग के पीआईयू उपमंडल नेरवा के सहायक अभियंता जीएस ठाकुर से बात करने पर उन्होंने बताया कि पहले विभाग के पास मात्र एक ही मशीन थी अब एक और मशीन आ गई है जिसकी सर्विस की जा रही है। मशीन की सर्विस होते ही सड़क की सोलिंग का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!

The post नेरवा-भूट-नावी मार्ग की हालत खस्ता appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment