Show your support

Friday, March 9, 2018

धारा-118 पर घेरी कांग्रेस

खादी एवं ग्रामोद्याग बोर्ड के उपाध्यक्ष ने साधा निशाना

शिमला – राज्य में धारा-118 को लेकर नई जंग छिड़ गई है। एक ओर जहां कांग्रेस इसको लेकर सरकार पर हमले कर रही है वहीं, सतापक्ष भी कांग्रेस को इस मसले पर कटघरे में खड़ा कर रहा है। प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्याग बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा है कि वह इस मसले पर राजनीति कर रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रियंका गांधी को शिमला में जमीन दी जा सकती है तो हिमाचल के मूल निवासियों को क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि धारा 118 में आंशिक संशोधन के उपरांत हिमाचल के मूल निवासियों को अपने लिए घर के सपने को पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए। पुरुषोत्तम गुलेरिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस धारा 118 की आड़ में हमेशा ही अवैध भूमि सौदे करवाती रही है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल मे सबसे अधिक अवैध भूमि सौदे किए हैं, वहीं दूसरी तरफ जिन हिमाचली परिवारों को भूमि की आवश्यकता है, उनकी फाइलें रिजेक्ट की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई नामी नेताओं के फार्महाउस और आवास हिमाचल में हैं। कांग्रेस ने हिमाचल में भूमि संबंधी मामलों में भाई-भतीजावाद को जन्म दिया है। पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि कांग्रेस धारा 118 पर विवाद पैदा कर अपने चुनावी हार से जनता का ध्यान भटकाना चाहती है, क्योंकि वह अभी विधानसभा चुनाव की हार को पचा नहीं पा रही है। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है, लिहाजा वह इस मसले पर सनसनी पैदा कर लोगों का ध्यान भटकाने में लगी है। उन्होंने धारा 118 में संशोधन को आरएसएस से जोड़ने पर कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रियंका गांधी और एक आम हिमाचली के अधिकारों में क्या फर्क है, इस पर कांग्रेस नेताओं को जनता को स्पष्टीकरण देना चाहिए।  बोर्ड उपाध्यक्ष ने कहा कि धारा- 118 पर विस्तृत चर्चा के उपरांत जो भी जनहित में सही होगा, उसके आधार पर प्रदेश सरकार को आगे बढ़ना चाहिए।

The post धारा-118 पर घेरी कांग्रेस appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment