शिमला – प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज की ईसी की बैठक आठ फरवरी को आयोजित की जाएगी। ईसी की इस बैठक में लंबे समय से अस्पताल के जिन अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पाई है, उन पर बात की जाएगी। उल्लेखनीय है कि आईजीएमसी की ईसी की बैठक हर माह आयोजित की जाती है। इस बैठक में अस्पताल की समस्याओं को अस्पताल प्रशासन के समक्ष रखा जाता है। आचारसंहिता और चुनाव के मद्देनजर अस्पताल में अक्तूबर माह से एक बार भी बैठक नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार ईसी की बैठक में अस्पताल के नए भवन को जल्द तैयार करने व जैनरिक स्टोर में चल रही अव्यवस्थाओं को लेकर भी चिकित्सक व कर्मचारी बात रख सकते हैं। आठ फरवरी को अस्पताल में होने वाली इस बैठक में आईजीएमसी के प्रिंसिपल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी अस्पताल की कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष भी बैठक में भाग लेंगे।
आठ फरवरी की बैठक का एजेंडा तैयार नहीं
हैरानी की बात है कि इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज की ओर से आठ फरवरी को रखी गई ईसी की बैठक को लेकर अस्पताल प्रशासन केवल तारीख ही तय कर पाया है। जानकारी के अनुसार अभी तक अस्पताल के किसी भी बड़े अधिकारी को जानकारी नहीं है कि बैठक में कौन-कौन से मुद्दे उठाए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक एजेंडा तक तैयार नहीं किया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि अस्पताल में पहले से ही मरीज असुविधाओं के कारण खासे परेशान हैं। दूसरी ओर अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों की समस्याओं को दूर करने के लिए कोई एजेंडा बैठक में उठाने के लिए तैयार नहीं किया गया है।
अस्पताल की ज्यादातर मशीनें खराब
उल्लेखनीय है कि आईजीएमसी की ज्यादातर मशीनें हांफ गई हैं। मरीजों को छोटे से छोटे टैस्ट करवाने के लिए निजी क्लीनिकों में जाना पड़ता है। ऐसे में देखने वाली बात होगी क्या इतने महीनों बाद हो रही ईसी की बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी मरीजों से जुड़े मुद्दों को उठाते हैं या फिर मात्र औपचारिकता के लिए ही ईसी की बैठक रखी जाती है।
^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal
No comments:
Post a Comment