Show your support

Friday, November 10, 2017

सुन्नी में वोट डालने के लिए दिखा क्रेज

शिमला ग्रामीण में मतदान के लिए उमड़ी लोगों की भारी भीड़

सुन्नी — शिमला ग्रामीण में गुरुवार को मतदान के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। विस क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों में लोगों का तांता लगा रहा। युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने उत्साहित होकर मतदान किया। कई मतदान केंद्रों में भारी मतदान हुआ। ग्राम पंचायत धामी के महापुणा मतदान केंद्र में 92 फीसदी मतदान हुआ। जानकारी के अनुसार यहां 138 मतदाताओं में से 128 लोगों ने मतदान किया। नगर पंचायत सुन्नी में सबसे उम्रदराज व्यक्ति 107 वर्ष के मस्तराम ने वोट डाल कर लोकतंत्र की गरिमा बढ़ाई। विकास खंड बसंतपुर की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बसंतपुर में लोगों ने भारी उत्साह दिखाया। पंचायत में 2253 मतदाताओं में से 1619 मतदाताओं ने मतदान किया। पंचायत में लगभग 72 फीसदी मतदान हुआ। शिमला ग्रामीण की नगर पंचायत के सुन्नी मतदान केंद्र में सुबह से लोग लाइनों में खड़े रहे और अंत तक मतदान के लिए डटे रहे। लगभग छह बजे मतदान समाप्त हुआ। महिलाओं ने मतदान में अधिक रुचि दिखाई। सुन्नी मतदान केंद्र में 1028 मतदाता विस चुनाव के लिए दर्ज है। सुन्नी में 78 फीसदी मतदान हुआ। 1028 मतदाताओं में से 803 लोगों ने मतदान किया। सुन्नी में बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब मिले। लोग मतदान केंद्रों में अपना नाम ढूंढते रहे। मतदाताओं राजेंद्र भारद्वाज,  सरदार जितेंद्र, प्रेमनाथ शर्मा, नगर पंचायत सदस्य गीता शर्मा, हरीश शर्मा ने बताया कि पिछले कई वर्षों से जो लोग विस चुनाव में मतदान करते आए हैं। उनके नाम मतदाता सूची से गायब पाए गए। पिछले विस चुनाव में मतदान कर चुके अनेकों मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। कांग्रेस तथा भाजपा दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने समर्थकों के नाम सूची से काटे जाने पर आपत्ति जताई है।

कोट के 100 वर्षीय गोबिंद ने डाला वोट

शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र की कोट पंचायत के 100 वर्षीय गोबिंद राम शर्मा ने भी गुरुवार को मतदान किया है। गोबिंद राम ने पोलिंग बूथ तक पहुंचने के लिए छह किलोमीटर का सफर तय किया। कोट पंचायत में मतदान की प्रतिशतता 71 प्रतिशत रही।


^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment