ठियोग — पूर्व बागबानी मंत्री व प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष नरेंद्र बरागटा ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के जुब्बल दौरे को राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा पिछले साढ़े चार साल में एक बार भी मुख्यमंत्री ने जुब्बल-कोटखाई के लोगों की सुध नहीं ली और न ही कोई नई योजना इस चुनाव क्षेत्र के लिए बनी है, लेकिन अब जब चुनाव नजदीक आते देखकर स्थानीय विधायक रोहित ठाकुर व खुद मुख्यमंत्री क्षेत्र के लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से इस तरह के बिना बजट के शिलान्यास व उद्घाटन कर रहे हैं। गुरुवार को ठियोग में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में नरेंद्र बरागटा ने कहा कि जुब्बल के अणु में, जिस सब्जी मंडी का उद्घाटन मुख्यमंत्री से करवाया गया है उसका काम ही पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सब्जी मंडी में न तो बिजली है न पार्किंग हैं, बाकी सुविधाएं भी अभी नहीं हैं, लेकिन स्थानीय विधायक रोहित ठाकुर ने खाली लैंटल का उद्घाटन मुख्यमंत्री से करवा दिया, जो कि शर्म की बात है। उन्होंने विधायक रोहित ठाकुर पर आरोप लगाया कि वे कोई भी एक योजना बता दें, जो वो अपने क्षेत्र के लिए लाए हों और, जिसका उन्होंने शिलान्यास भी करवाया हो और उद्घाटन भी उनके ही समय में हुआ हो। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के समय में, जिन योजनाओं पर काम चल रहे थे उनके उद्घाटन रोहित ठाकुर करवा रहे हैं। श्री बरागटा ने सरस्वतीनगर को उपतहसील का दर्जा देने की घोषणा को लोगांे को गुमराह करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय में 27 जुलाई 2012 को सरस्वतीनगर व कलबोग को लेकर नोटिफिकेशन हो चुकी थी, लेकिन कांग्रेस की सरकार के आने के बाद दोनों को डिनोटिफाई किया गया। उन्होंने इसे चुनाव का शगूफा बताया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों की घोषणाओं को भी नरेंद्र बरागटा ने लोगों के साथ धोखा बताया है। उन्होंने कहा कि इस समय जुब्बल-कोटखाई के 70 प्रतिशत स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की भारी कमी चल रही है। इसलिए सरकार पहले उनमें स्टाफ की कमी पूरी करे, जो पहले से खुले हुए हैं। श्री बरागटा ने क्षेत्र में सड़कों की खराब हालत कर्मचारियों की कमी के अलावा इन दिनों क्षेत्र की कई पंचायतों में पानी की कमी जैसे मुद्दों पर स्थानीय विधायक रोहित ठाकुर पर आरोप लगाते हुए कहा कि, वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को पूरा करने में बिलकुल ही असमर्थ रहे हैं और अब चुनाव नजदीक आते देखकर लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठी घोषणाएं कर रहे हैं।
विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !
^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal
No comments:
Post a Comment