Show your support

Wednesday, March 15, 2017

लक्कड़ बाजार बस अड्डे की मरम्मत शुरू

शिमला — राजधानी के लक्कड़ बाजार बस अड्डे का मरम्मत कार्य मंगलवार से शुरू हो गया है। निगम प्रशासन ने ऊपरी शिमला जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए ऑकलैंड टनल से बसों के चलने की वैकल्पिक व्यवस्था की है।  मरम्मत कार्य के पूरा होने तक ऊपरी शिमला के लिए ऑकलैंड टनल से ही यात्री बस पकड़ पाएंगे। मंगलवार को बस अड्डा प्राधिकरण ने लक्कड़ बाजार बस अड्डे में निर्माण सामग्री जमा कर दी है। हालांकि मंगलवार शाम चार बजे तक लक्कड़ बाजार बस अड्डे में ऊपरी शिमला के लिए बसें चलती रहीं, मगर चार बजे के बाद लक्कड़ बाजार बस अड्डे में बसों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। नई व्यवस्था के तहत जब तक बस अड्डे का निर्माण कार्य पूरा नहीं होता, तब तक लक्कड़ बाजार में कोई बस नहीं चलेगी। इतना ही नहीं लक्कड़ बाजार में यात्रियों को उतारने-चढ़ाने पर भी रोक लगाई गई है, ताकि मरम्मत कार्य में बाधा न आए और लक्कड़ बाजार में ट्रैफिक जाम की दिक्कत न पेश आए। इससे पूर्व लक्कड़ बाजार बस अड्डे का मरम्मत कार्य छह मार्च से आरंभ किया जाना था, मगर बस ठहराव व यात्रियों के चढ़ने-उतरने की वैकल्पिक व्यवस्था न होने के चलते पुलिस ने उक्त कार्य रुकवा दिया था, जिसके बाद बैठक कर अब मरम्मत कार्य के लिए नई तिथि निर्धारित की गई है। एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक अनिल सेन ने बताया कि लक्कड़ बाजार बस स्टैंड का मरम्मत कार्य मंगलवार से शुरू हो गया है। बसों के ठहराव की वैकल्पिक व्यवस्था ऑकलैंड टनल के पास से कर दी गई है।

ऑकलैंड टनल से चलेंगी बसें

बस अड्डे के मरम्मत कार्य के चलते ऊपरी शिमला को चलने वाली सभी बसें ऑकलैंड टनल से चलेंगी। ऊपरी शिमला को चलने वाली सभी निजी व सरकारी बसें ऑकलैंड टनल (आईजीएमसी) की ओर लगेगी और यहीं से ऊपरी शिमला को रवाना होगी। ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए फैसला लिया गया है कि लक्कड़ बाजार से कोई भी बस सवारियां नहीं बिठाएगा।

15 दिन तक चलेगा कार्य

लक्कड़ बाजार बस अड्डे का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है, जो 15 दिन तक चलेगा। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद ही लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से पहले की तरह बसों की आवाजाही की व्यवस्था बहाल होगी।


पूरी खबर पढ़े >>
source: DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment