रामपुर बुशहर – जिला स्तरीय फाग मेले में रविवार को स्टालों का आंबटन किया गया। इस बार नगर परिषद को स्टॉल के आंबटन से करीब दो लाख की कमाई हुई। इस बार परिषद ने स्टाल के दामों में दस फीसदी की बढ़ोतरी की है। वहीं मेले में आने वाले देवी-देवताओं की नजराना राशि को भी दस फीसदी बढ़ाया गया है। इस मेले का शुभारंभ मंगलवार को होगा। चार दिन तक पूरा रामपुर देवी-देवताओं की भक्ति में लीन हो जाएगा। राज दरबार में देवी-देवता इकठ्ठे होंगे और खूब नाटियों का दौर चलेगा। मेले में लगने वाले स्टालों को नगर परिषद ने आबंटन कर लिया है। जो कि पुराने बस स्टैंड से चौधरी अड्डे तक लगाए जाएंगे, जिनकी कुल संख्या 55 के करीब हैं। राष्ट्रीय राज मार्ग-पांच पर लगने जाम लगने के चलते इस बार 14-17 मार्च तक सभी बड़े वाहनों को वाया वजीर बावड़ी होकर भेजने का निर्णय लिया है, ताकि देवताओं की शोभायात्रा निकालने में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो और लोग भी आराम से मेले का आनंद ले सकें। इस निर्णय की शहरवासियों ने सराहना की है, क्योंकि इस दौरान सड़क पर भारी जाम जैसी स्थिति बनती है, जिससे देवलुओं, राहगीरों और व्यापारियों को खासी परेशानी होती थी। नगर परिषद के उपाध्यक्ष दीपक सूद ने बताया कि मेले के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि मेले में किसी प्रकार की अप्रिय घटना या हुड़दंग न हो इसके लिए अतिरिक्त पुलिस जवानों की मांग भी पुलिस प्रशासन से की गई है। मेले के लिए 15 देवी-देवताओं को बुलाया गया है, जिनका सोमवार से आना शुरू हो जाएगा। देवी-देवताओं के ठहरने व खाने की उचित व्यवस्था की गई है। बहरहाल क्षेत्र में मेले को लेकर काफी उत्साह है। हर साल मेले में काफी भीड़ उमड़ती है।
पूरी खबर पढ़े >>
source: DivyaHimachal
No comments:
Post a Comment