रामपुर बुशहर – रामपुर को जिला बनाने के लिए जल्द ही हस्ताक्षर अभियान छेड़ा जाएगा। चार खंडों के चुने हुए जिला परिषद व बीडीसी सदस्यों ने ऐलान किया है कि रामपुर को जिला बनाने के लिए हर व्यक्ति से राय ली जाएगी और रामपुर को जिला बनाने की स्थिति को मजबूत किया जाएगा। रामपुर में आयोजित बैठक में रामपुर, कुमारसैन, निरमंड व आनी विधानसभा क्षेत्र से चुने हुए जिला परिषद व बीडीसी नुमाइंदों ने बैठक कर रामपुर को जिला बनाने को लेकर रणनीति बनाई। सभी ने एक स्वर में कहा कि रामपुर हर दृष्टि से जिला बनने के लायक है। रामपुर अगर जिला बनता है, तो सबसे ज्यादा फायदा आउटर सिराज को होगा। बर्फबारी में, जहां रामपुर अपने जिला शिमला से कट जाता है, वहीं आउटर सिराज अपने जिला कुल्लू से पूरी तरह कटा रहता है। यहां के लोगों को अपने जिला मुख्यालय से जुड़े कार्यों के लिए खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बैठक में उपस्थित बीडीसी अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, जिला परिषद सदस्य विकेश चौहान गिन्नी, दलीप कायथ, लोकेंद्र, रीना ठाकुर, बीडीसी सदस्य नारायण खन्ना, बिशना भंडारी, ममता, बिरमा देवी, मस्तराम, सुंदला देवी, लता देवी, नीलमा देवी व अनिता कुमारी आदि ने कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्र में रामपुर को जिला बनाने के लिए हस्ताक्षर अभियान छेड़ेंगे, ताकि लोगों की राय को सार्वजनिक किया जाए। बीडीसी अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि वह 14वें वित्तायोग में, जो वित्तीय शक्तियां जिला परिषद सदस्यों व बीडीसी सदस्यों से छीनी हैं वह केंद्र सरकार द्वारा चुने हुए नुमाइंदों का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को वह मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समक्ष उठाएंगे, ताकि वह जिला परिषद व बीडीसी सदस्यों को वित्तीय शक्तियां प्रदान करें। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री उनकी यह मांग अवश्य पूरी करेंगे।
पूरी खबर पढ़े >>
source: DivyaHimachal
No comments:
Post a Comment