शिमला – मिस हिमाचल के आठवें सीजन के लिए तीन जनवरी को शिमला के कालीबाड़ी हाल में ऑडिशन आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पूर्व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय व स्थानीय कालेज परिसरों में ‘दिव्य हिमाचल’ की इवेंट टीम ने युवतियों को जागरूक किया। शिमला की युवतियों में मिस हिमाचल का खिताब पाने के लिए कितना जुनून है, इसका आभास यहीं से मिल जाता है कि रोजाना सैकड़ों फोन कॉल्स ‘दिव्य हिमाचल’ के ब्यूरो में जहां आ रही हैं, वहीं युवतियां खुद पहुंचकर इसकी जानकारी हासिल कर रही हैं। इसका क्रेज इस लिए भी युवतियों में काफी है, क्योंकि पहले की प्रतियोगिताओं में अव्वल रहने वाली पूर्वा राणा आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुपर मॉडल बन चुकी है, वहीं शिमला की उजाला राजटा सुकैम की ब्रांड एंबेसेडर हैं। मिस हिमाचल की ही फाइनलिस्ट पूर्वा राणा थाईलैंड में मिस टूरिज्म इंटरनेशनल रह चुकी हैं। वर्ष 2015 की विजेता घुमारवीं की नताशा चौहान मिस दिल्ली का खिताब जीत चुकी हैं। मिस हिमाचल 2012 की आकांक्षा धीमान जो हमीरपुर से हैं, मिस इंडिया के सीजन में टॉप छह में रहीं। मिस अर्थ प्रतियोगिता जो गत वर्ष साउथ कोरिया में आयोजित की गई थी, उसमें उन्होंने मिस एशिया सुपर टेलेंट की हैसियत से भाग लिया। शिमला की डा. आशिता मुंजले जो रूस में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं, उन्होंने मिस इंडिया वर्ल्ड वाइड में भाग लिया था। सोलन से शैलजा शर्मा मिस नॉथ इंडिया का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। शिमला की युवतियों में इस बार भी मिस हिमाचल प्रतियोगिता में भाग लेने का जुनून बढ़चढ़ कर देखा जा रहा है। हो भी क्यों न, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युवतियों को अपनी प्रतिभा बिखेरने के लिए नए मंच जो मिल रहे हैं। इसी के जरिए मिस हिमाचल से निकली कई प्रतिभाएं बालीवुड व अन्य विदेशी फिल्मों में भी मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं।
पूरी खबर पढ़े >>
source: DivyaHimachal
No comments:
Post a Comment