परवाणू — नई सरकार के निर्माण में हिमाचल प्रदेश में जरूरी सेवाओं में जुटे हजारों मतदाता मतदान से महरूम रह गए हैं। आठवें चरण के तहत प्रदेश में हुए मतदान की प्रक्रिया में हिमाचल प्रदेश निगम प्रबंधन व 108 एंबुलेंस सेवा में लगे हजारों कर्मचारी चाहते हुए भी अपने पोलिंग स्टेशनों पर मतदान के लिए नहीं पहुंच पाए हैं। चुनाव आयोग भी इन मतदाताओं तक अपनी पहुंच बनाने में नाकाम रहा है। 108 एंबुलेंस के मुख्य कार्यालय के अधिकारी आकाश ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं के चलते स्टाफ को मतदान के लिए अवकाश नहीं दिया जा सकता है। निगम की जेसीसी कमेटी के सचिव नानक चंद शांडिल ने कहा कि आयोग व सरकार को निगम के चालक व परिचालकों को मतदान प्रक्रिया में भागीदार बनाने के लिए कदम उठाना चाहिए। आयोग के मीडिया प्रभारी नीरज कुमार ने कहा कि पहली बार इस प्रकार का मामला प्रकाश में आया है। आयोग की ओर से अब तक इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाया गया है।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment