Show your support

Tuesday, May 6, 2014

हाई कोर्ट में दो अतिरिक्त न्यायाधीश


himachal pradesh newsशिमला — प्यार सिंह राणा तथा सुरेश्वर ठाकुर ने सोमवार को प्रदेश उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश की शपथ ली। प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश मंसूर अहमद मीर ने उच्च न्यायालय में आयोजित सादे व साधारण समारोह के दौरान उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजय करोल, न्यायमूर्ति राजीव शर्मा, न्यायमूर्ति वीके शर्मा, न्यायमूर्ति धर्म चंद चौधरी तथा न्यायमूर्ति त्रिलोक चौहान उपस्थित थे। महापंजीयक एसी डोगरा ने शपथ समारोह की कार्यवाही का संचालन किया। उन्होंने न्यायमूर्ति प्यार सिंह राणा तथा न्यायमूर्ति सुरेश्वर ठाकुर को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्ति संबंधी ‘वारंट ऑफ अपाइंटमेंट’ पढ़ा। 13 अगस्त, 1955 में जन्मे न्यायामूर्ति पीएस राणा ने हमीरपुर जिला न्यायालय, राजस्व न्यायालय, मंडलायुक्त तथा वित्तायुक्त न्यायालय में प्रैक्टिस की। वह वर्ष 1999 में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश चयनित हुए। वे सोलन, चंबा, किन्नौर स्थित रामपुर, मंडी, कांगड़ा तथा शिमला में जिला एवं सत्र न्यायाधीश रहे हैं। उन्होंने जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष के रूप में कांगड़ा, चंबा, शिमला, सोलन, सिरमौर तथा किन्नौर में भी अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अतिरिक्त वह हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में पंजीयक (निरीक्षण) पद पर भी रहे। न्यायमूर्ति सुरेश्वर ठाकुर का जन्म 18 मई, 1963 को हुआ और उन्होंने प्रदेश विश्वविद्यालय से कानून की शिक्षा ग्रहण कर वर्ष 1987 में उच्च न्यायालय में सिविल, क्रिमिनल तथा संवैधानिक विषय से संबंधित मामलों में प्रेक्टिस आरंभ की। वह 1994 से 2000 तक केंद्रीय सरकार के अतिरिक्त स्थायी परामर्शी रहे। वह वर्ष 2001 में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश चयनित हुए। उन्होंने अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश के रूप में कांगड़ा तथा मंडी में सेवाएं दीं। इसके उपरांत वह बिलासपुर व रामपुर, नाहन, कांगड़ा स्थित धर्मशाला में जिला एवं सत्र न्यायाधीश भी रहे। प्रदेश के लोकायुक्त न्यायमूर्ति लोकेश्वर सिंह पांटा, हिमाचल प्रदेश राज्य उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुरजीत सिंह, सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति भवानी सिंह, न्यायमूर्ति डीपी सूद, न्यायमूर्ति केसी सूद, न्यायमूर्ति डीडी सूद, न्यायमूर्ति आरके महाजन, न्यायमूर्ति सुंदर सिंह तथा न्यायमूर्ति कुलदीप सिंह, महाधिवक्ता श्रवण डोगरा, नगर निगम शिमला के महापौर संजय चौहान, उप महापौर टिकेंद्र पंवर, मुख्य सचिव पी. मित्रा, पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, प्रधान सचिव वित्त डा. श्रीकांत बाल्दी, भारत के अतिरिक्त सालिटेयर जनरल संदीप शर्मा, प्रधान सचिव विधि चिराग भानु सिंह, उपायुक्त शिमला दिनेश मल्होत्रा, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सुशील कुकरेजा, केएस चंदेल, अरविंद मल्होत्रा, सीबी बरोवालिया आदि भी इस अवसर पर उपस्थित थे।







from Divya Himachal

No comments:

Post a Comment