चंबा — नरेंद्र मोदी के कद के आगे पूरी भाजपा गौण होकर रह गई है। यहां तक कि भाजपा ने वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी को ही भुला दिया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि उन्हें राजनीतिक कैरियर के इतिहास में यह पहली मर्तबा देखने को मिला है, जब कोई व्यक्ति विशेष पार्टी से ऊपर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पोस्टर में अटल का फोटो दिखाने वाले को वह 500 का इनाम देंगे। भाजपा नेता इतने असहाय हो चुके हैं, उनके पास मोदी जाप करने के अलावा कोई चारा ही नहीं बचा है। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री की कुर्सी पर विराजमान होने के सपने का मुंगेरीलाल के हसीन सपने वाला हश्र होगा। देश में भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के दावेदार नरेंद्र मोदी की हवा मीडिया की देन है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल पर तंज कसते हुए कहा कि वह खुद को राष्ट्रपति समझते हुए संवैधानिक प्रक्रिया को ही भूल गए हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को चंबा के चौगान नंबर दो में कांगड़ा संसदीय हल्के से पार्टी प्रत्याशी चंद्र कुमार के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कांगड़ा संसदीय हल्के से प्रत्याशी चंद्र कुमार ने भी भाजपा पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने भी मतदाताओं से चुनाव में सहयोग की अपील की। जनसभा को वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, विधायक आशा कुमारी, अमित भरमौरी, सुरिंद्र भारद्वाज, छतीसगढ विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता टीएस सिंह देव, पवन नैयर व नीरज नैयर ने भी संबोधित किया।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment