भुंतर — तीन दिनों सेखराब मौसम की अड़चन के बाद कबायली जिला लाहुल स्पीति और चंबा के लिए हेलिकाप्टर सेवाएं फि र से बहाल हो गई हैं। गुरुवार को कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट भुंतर से हेलिकाप्टर ने रोहतांग पार को सफलतापूर्वक उड़ान भरी, जिससे कबायलियों ने फिर से राहत की सांस ली है। हालांकि मौसम साफ होने के बावजूद मात्र एक ही उड़ान पूरी हो पाई और समय की कमी के चलते दूसरी उड़ान को रद्द करना पड़ा। भुंतर एयरपोर्ट में तैनात हवाई सेवा समिति के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को हवाई उड़ान के माध्यम से 45 यात्रियों को लाभ दिया गया। भुंतर से सुबह पहली उड़ान संयुक्त रूप से किलाड़ और चंबा के लिए हुई। इसमें दो बच्चों के साथ कुल 22 यात्रियों को किलाड़ पहुंचाया गया। यहां से चंबा के लिए उड़ान भरी गई, लेकिन वापसी पर चंबा और किलाड़ से 23 यात्रियों को भुंतर एयरपोर्ट में उतारा गया। समिति के अधिकारियों के अनुसार इसके बाद लाहुल स्पीति के जिस्पा हेलिपैड के लिए यात्रा होनी थी, लेकिन चंबा से समय पर हेलिकाप्टर के वापस न पहुंचने पर इस उड़ान को पूरा नहीं किया जा सका और करीब चार दर्जन यात्रियों को मुश्किल हुई। हालांकि बुधवार को अजोग के लिए जारी शेड्यूल को भी अभी तक पूरा नहीं किया जा सका है। हवाई सेवा समिति भुंतर के प्रभारी डा. रणजीत सिंह और सह प्रभारी डा. देश राज भारद्वाज ने बताया कि हवाई सेवा को बारिश के बाद फिर से बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कुल 45 यात्रियों को इस दौरान आर-पार किया गया।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment