पालमपुर — प्रदेश गद्दी यूनियन की नई टीम के गठन के बाद दोनों कार्यकारिणियों में शुरू हुए आरोपों-प्रत्यारोपों के बीच अब गद्दी कर्मचारी कल्याण संगठन के समानांतर संगठन की नींव डाली जा रही है। पुख्ता सूत्रों के अनुसार संगठन की मौजूदा कार्यकारिणी की कार्यप्रणाली से नाखुश अनेक कर्मचारी अंदरखाते इस मुहिम को शुरू कर चुके हैं और अधिक से अधिक कर्मचारियों को अपने साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यदि मौजूदा कार्यकारिणी शीघ्र ही चुनावों की घोषणा नहीं करती है, तो मार्च के महीने में ही समानांतर संगठन का गठन किया जा सकता है। जानकारी के अनुसार सरकारी सेवाओं में कार्यरत गद्दी समुदाय के कर्मचारियों के लिए प्रदेश स्तर पर गद्दी कर्मचारी कल्याण संगठन का गठन सात साल पूर्व 2007 में किया गया था। संगठन की कमान युवा मुंशी राम को दी गई थी और गद्दी नेताओं के अनुसार इसका कार्यकाल दो साल तय किया गया था। यह भी निर्णय लिया गया था कि दो साल के अंतराल पर चुनावों का आयोजन करवाया जाएगा। परंतु विरोध का स्वर बुलंद करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि सात साल की अवधि में न तो संगठन के चुनाव करवाए गए और न ही समयानुसार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। कर्मचारियों के हित के अनेक मामले इस कारण लंबित पड़े हैं, जिनमें 85वें संशोधन का मामला भी शामिल है। हालांकि संगठन के मौजूदा पदाधिकारी यूनियन के सुचारू संचालन व सदस्यों की सहमति से ही कार्यकारिणी का कार्यकाल बढ़ाए जाने का दावा कर रहे हैं। गद्दी कर्मचारी कल्याण संगठन के प्रदेशाध्यक्ष मुंशी राम कहते हैं कि संगठन पूरी पारदर्शिता से कर्मचारी हितों में काम कर रहा है। समय पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है और सदस्यों की सहमति से ही कार्यकारिणी को जारी रखा गया है।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment