Show your support

Sunday, July 7, 2013

चिंतपूर्णी में एक हजार जवान संभालेंगे मोर्चा


ऊना — चिंतपूर्णी में श्रावण अष्टमी मेले का आयोजन सात से 16 अगस्त तक किया जाएगा। मेले के दौरान कानून -व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व होमगार्ड के 1000 कर्मी तैनात किए जाऐंगे। यह जानकारी शनिवार को उपायुक्त एवं आयुक्त मंदिर न्यास चिंतपूर्णी अभिषेक जैन ने बचत भवन में इस मेले के प्रबंधों की समीक्षा बैठक में दी। उन्होंने बताया कि मेला के सुचारू आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा ठोस कदम उठाए जाएंगे। एडीसी दर्शन कालिया मेला अधिकारी और एसडीएम अंब सुखदेव सिंह अतिरिक्त मेला अधिकारी होंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह पुलिस मेला अधिकारी और डीएसपी अंब मदन लाल कौशल अतिरिक्त पुलिस मेला अधिकारी होंगे। खंड चिकित्सा अधिकारी अंब को मेला चिकित्सा अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। बैठक में यह महत्त्वपूर्ण फैसला भी लिया गया कि इस बार लंगर लगाने वालों से कोई फीस नहीं वसूली जाएगी और सिर्फ सिक्योरिटी ली जाएगी, जो लंगर के बाद वापस दे दी जाएगी, जो लंगर आयोजक सफाई सुनिश्चित नहीं करेंगे, उनकी सिक्योरिटी राशि में से सफाई के पैसे काट लिए जाएंगे। अभिषेक जैन ने बताया कि समूचे मेला क्षेत्र को आठ सेक्टरों में बांटा जाएगा और हर सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट व डीएसपी रैंक के पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। हर सेक्टर मजिस्ट्रेट को वाहन उपलब्ध करवाया जाएगा। मेले के दौरान कानून व्यवस्था और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के सभी प्रबंध किए जाएंगे। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए मेला अवधि के दौरान पानी, विद्युत और आवास की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ मंदिर न्यास द्वारा मेला अवधि के दौरान रोगियों को दवाइयां उपलब्ध करवाने के भी सभी प्रबंध किए जाएंगे। गगरेट से शीतला माता मंदिर के मध्य सात चिकित्सा शिविर स्थापित कर श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि मेला में हथियार लेकर चलने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। मेला के दौरान भिक्षावृत्ति पर कड़ाई से रोक लगाई जाएगी।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/una-news/%e0%a4%9a%e0%a4%bf%e0%a4%82%e0%a4%a4%e0%a4%aa%e0%a5%82%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%a3%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%8f%e0%a4%95-%e0%a4%b9%e0%a4%9c%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%9c%e0%a4%b5/

No comments:

Post a Comment