Show your support

Thursday, July 18, 2013

कैंसिल हों डाक्टर के डेपुटेशन


परागपुर — प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए आए दिन तरह-तरह के फैसले ले रही है, लेकिन परागपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रदेश सरकार के बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार पिछले करीब दो वर्ष से उक्त स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एकमात्र डाक्टर की डेपुटेशन डाडासीबा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लग रही है, जबकि परागपुर पीएचसी की ओपीडी जिला में अग्रणी है। पिछले वर्ष भी यहां की ओपीडी 25 हजार थी। इस वर्ष भी वर्तमान समय तक यहां की ओपीडी 12 हजार से ज्यादा का आंकड़ा पार कर चुकी है। इसी के मद्देनजर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों ने स्वास्थ्य विभाग को करीब एक सप्ताह का समय देते हुए चेताया है कि उक्त चिकित्सक की डेपुटेशन खत्म न की गई तो मजबूरन उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ेगा। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं परागपुर के पूर्व प्रधान देवराज शर्मा, पंचायत प्रधान रूपेंद्र सिंह, शिव शाह, हंसराज शर्मा, हरीश गुलेरी व अन्य लोगों ने कहा है कि उक्त मामला प्रदेश सरकार के ध्यान में लाया जाएगा। लोगों का कहना है कि ब्लॉक स्वास्थ्य प्रशासन पीएचसी परागपुर के डाक्टर को डेपुटेशन पर बार-बार भेज कर क्षेत्र के 35 हजार की करीब जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ सहन नहीं किया जाएगा। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. डीएस गुरुंग ने कहा कि परागपुर की ओपीडी को देखते हुए पीएचसी के डाक्टर को डेपुटेशन पर नहीं भेजा जाएगा। इस बाबत उन्होंने बीएमओ डाडासीबा से बात करने बारे कहा। उधर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि यदि पीएचसी परागपुर की ओपीडी अधिक है तो उक्त डाक्टर को डेपुटेशन पर भेजना गलत है। सरकार लोगों को उचित स्वास्थ्य लाभ देने के लिए कृतसंकल्प है। विभाग के अधिकारियों से बात कर शीघ्र उक्त डाक्टर की डेपुटेशन कैंसिल की जाएगी।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/dharamsala-kangra-news/%e0%a4%95%e0%a5%88%e0%a4%82%e0%a4%b8%e0%a4%bf%e0%a4%b2-%e0%a4%b9%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%a1%e0%a4%be%e0%a4%95%e0%a5%8d%e0%a4%9f%e0%a4%b0-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%a1%e0%a5%87%e0%a4%aa%e0%a5%81/

No comments:

Post a Comment