Show your support

Monday, July 22, 2013

संगड़ाह में टेलीफोन-एटीएम सब बंद


संगड़ाह —उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाली पंचायतों में शनिवार देर रात से रविवार सायं खबर लिखे जाने तक बीएसएनएल की संचार सेवा ठप होने से न केवल सैकड़ों मोबाइल व लैंडलाइन धारक परेशान रहे बल्कि क्षेत्र में मौजूद एटीएम व बीएसएनएल लाइन से चलने वाले अन्य संस्थान भी बंद रहे। प्रशासन द्वारा बरसात में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए एसडीएम कार्यालय संगड़ाह में स्थापित कंट्रोल रूम का फोन जहां रविवार को बंद रहा वहीं संबंधित अधिकारियों के बीएसएनएल मोबाइल भी नेटवर्क न होने से बंद रहे। क्षेत्र में बार-बार बीएसएनएल नेटवर्क बंद रहने पर संगड़ाह में मौजूद सभी बैंक, एटीएम व सरकारी कार्यालयों में आनलाइन काम बंद रहता है। भारत संचार निगम द्वारा उपमंडल संगड़ाह में बरती जा रही लापरवाही का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि संगड़ाह एक्सचेंज में इन दिनों एकमात्र लाइनमैन मौजूद है तथा जेटीओ व एसडीओ का पद आज तक नहीं भरा गया। निगम की सेवाओं से परेशान अधिकतर उपभोक्ता जहां अन्य निजी दूरसंचार कंपनियों के मोबाइल इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं 28 पंचायतों में लैंडलाइन फोन बंद हो चुके हैं। विकास खंड संगड़ाह के पंचायत प्रतिनिधि कपूर चंद, कुलदीप ठाकुर, विनोद, दिनेश शर्मा, विद्या देवी, संतोष शर्मा, दौलतराम व दलीप भीमटा आदि ने बीएसएनएल अधिकारियों की लापरवाही के प्रति रोष जताया तथा विभिन्न विभागों व बैंकों से बीएसएनएल लीज लाइन की वैकल्पिक व्यवस्था को अपील की। टीटीए संगड़ाह लंबी छुट्टी पर बताए गए तथा मौजूद लाइनमैन राम गोपाल ने कहा कि ओएफसी फटने से लाइन बंद हुई है। निगम के उपमहाप्रबंधक एचएस चौहान ने कहा कि आरएफसी लाइन जोड़ने के लिए टीम भेजी जा चुकी है। एसडीएम संगड़ाह एचएस ब्रास्कन ने कहा कि बीएसएनएल अधिकारियों से बात की जा चुकी है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/paonta-sahib-sirmaur-news/%e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a4%be%e0%a4%b9-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%9f%e0%a5%87%e0%a4%b2%e0%a5%80%e0%a4%ab%e0%a5%8b%e0%a4%a8-%e0%a4%8f%e0%a4%9f%e0%a5%80%e0%a4%8f/

No comments:

Post a Comment