Show your support

Sunday, July 21, 2013

फ्रेंड्स कालोनी में पानी


ऊना — जिला मुख्यालय पर भारी बारिश एक बार फिर लोगों के लिए आफत बनकर आई है। शनिवार को सुबह छह बजे से जारी मूसलाधार बारिश के कारण ऊना के निचले क्षेत्र पूरी तरह जलमग्न हो गए। शनिवार को ऊना में 153 एमएम बारिश से निचले क्षेत्रों में तीन से चार फुट तक पानी भर गया। प्रशासन एक बार फिर से लोगों को समय पर राहत दे पाने में नाकाम रहा। प्रशासनिक अधिकारियों को जगाने के लिए आक्रोशित लोगों को सड़कों पर जाम लगाना पड़ा। नतीजतन घरों में घुसे पानी के शिकार लोग तो परेशान हुए ही, बसों, कारों व अन्य वाहनों से अपने गंतव्यों को जाने वाले हजारों लोगों को चक्का जाम के चलते परेशानी झेलनी पड़ी। प्रशासनिक उदासीनता की झलक इसी बात से दिखाई देती है कि सुबह सात बजे से लोगों के घरों में पानी घुसा था, लेकिन लोक निर्माण विभाग, एक्सप्रेस हाई-वे निर्माण अथारिटी, नगर परिषद तथा जिला प्रशासन का कोई भी वरिष्ठ व कनिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी लोगों के सूरत-ए-हाल जानने नहीं पहुंचा। पुराना बस अड्डा चौक पर करीब साढे़ आठ बजे लोगों ने जब ऊना-धर्मशाला हाई-वे पर चक्का जाम किया तो सरकारी अमले की नींद खुली। प्रभावित लोगों ने स्टेट रोड हाई-वे व जिला प्रशासन के विरुद्ध उग्र नारेबाजी भी की। करीब दस बजे फ्रेंड्स कालोनी में चार से पांच फुट तक पानी भर गया। इसमें दर्जनों मकानों तथा दुकानों में गंदा पानी घुस गया, जिससे आक्रोशित लोगों ने गणेश फिलिंग स्टेशन के सामने ऊना-धर्मशाला रोड बाधित कर दिया। लोगों ने स्वयं जेसीबी लगाकर एक्सप्रेस हाई-वे पर बनाए गए नाले को तोड़ा तथा पानी की निकासी के लिए रास्ता बनाया। पीडि़त लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त अभिषेक जैन के कार्यालय में जाकर रोष व्यक्त किया। करीब 11 बजे जाकर प्रशासन ने पुराना बस अड्डा चौक पर मुख्य मार्ग को जेसीबी से उखाड़ दिया तथा पानी की निकासी के लिए सड़क के बीचोंबीच नाला निकाला। पूर्व पार्षद रमेश चंद, नवदीप कश्यप, पवन सैणी, जनहित मोर्चा के प्रवक्ता राजीव भनोट, राजेश डढवाल, सूरज, रमेश सैणी, ओम प्रकाश सैणी, उमेश शर्मा, अश्विनी कुमार ने सरकार से मांग की है कि ऊना शहर में बरसाती पानी की उचित निकासी के लिए योजना बनाई जाए।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/una-news/%e0%a4%ab%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%a1%e0%a5%8d%e0%a4%b8-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a5%8b%e0%a4%a8%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%aa%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%80/

No comments:

Post a Comment