नादौन — ऊना में पकड़ी गई जाली करंसी के आरोपी को लेकर ऊना पुलिस ने शनिवार को नादौन में गहन छानबीन की। शनिवार सुबह पकडे़ गए आरोपी कमल किशोर को लेकर पहुंची ऊना पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शहर के एक होटल, एक ढाबे तथा बीड़ी सिगरेट की दुकान की छानबीन की। जांच अधिकारी सुरेश शर्मा तथा रणजीत सिंह ने बताया कि 27 जून को कमल किशोर ने रिमांड के दौरान नादौन के एक होटल में रुकने तथा यहां एक हजार के चार जाली नोट चलाए जाने की बात कबूल की थी। इसके साथ ही आरोपी ने यहां के एक ढाबे तथा एक बीड़ी सिगरेट की दुकान पर भी सामान लेते समय हजार रुपए के जाली नोट चलाने की बात कबूली थी, जिसकी तहकीकात करने के लिए ही पुलिस टीम ने दुकानदारों से पूछताछ की। स्थानीय होटल के रजिस्टर में 27 जून को कमल किशोर ने कमरा लेने के लिए नाम दर्ज किया था तथा उसने रजिस्टर में अपने ड्राइविंग लाइसेंस नंबर तथा जन्म तिथि भी दर्ज करवाई थी। जांच अधिकारियों सुरेश शर्मा तथा रणजीत सिंह ने बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है तथा एक अन्य व्यक्ति गौतम लुथरा को भी इसी मामले में पंजाब से हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को सात दिन का पुलिस रिमांड मिला है, जिसके चलते यह पता लगाया जा रहा है कि इन्होंने जाली करंसी को किन-किन स्थानों पर सामान की खरीद फरोख्त करने के लिए चलाया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कुछ अन्य स्थलों पर आरोपियों की निशानदेही पर छानबीन की जा रही है।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/hamirpur-news/%e0%a4%b9%e0%a5%8b%e0%a4%9f%e0%a4%b2-%e0%a4%a2%e0%a4%be%e0%a4%ac%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%aa%e0%a5%81%e0%a4%b2%e0%a4%bf%e0%a4%b8-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%a6%e0%a4%ac%e0%a4%bf/
Post a Comment