शिमला — हिमाचल प्रदेश विवि के कर्मचारियों ने स्थापना दिवस का बहिष्कार किया। एचपीयू गैर शिक्षक कर्मचारियों की संयुक्त समन्वय समिति की इस मुद्दे को लेकर अध्यक्ष देवीराम वर्मा की अध्यक्षता में आपात बैठक हुई। बैठक में पदाधिकारियों ने मांगें न मानने को लेकर तीन दिनों के स्थापना दिवस को बहिष्कार करने का फैसला लिया। विवि कोर्ट सदस्य ललित कुमार ने काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया। कोर्ट सदस्य ललित कुमार व समिति के अध्यक्ष देवीराम वर्मा, प्रवक्ता नरेश शर्मा ने कहा कि विवि प्रशासन ने कर्मचारियों को औपचारिक रूप से कार्यक्रम में आने का बुलावा भी नहीं भेजा। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह राज्यपाल के आने के बाद ही मौखिक तौर पर कर्मचारियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि विवि प्रशासन को कर्मचारियों ने 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा है। प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पीपीओ जारी नहीं हो रहे हैं। कर्मचारियों के वित्तीय देनदारियां लंबित है। ऐसे में तीन दिनों तक स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन पर व्यर्थ का खर्चा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिनों तक कर्मचारी स्थापना दिवस का विरोध करेंगे। आने वाले दिनों में कैंपस में अपने आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/shimla-news/%e0%a4%b8%e0%a5%8d%e0%a4%a5%e0%a4%be%e0%a4%aa%e0%a4%a8%e0%a4%be-%e0%a4%a6%e0%a4%bf%e0%a4%b5%e0%a4%b8-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%ac%e0%a4%b9%e0%a4%bf%e0%a4%b7%e0%a5%8d%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%b0/
No comments:
Post a Comment