करसोग — यहां से लगभग छह किलोमीटर दूरी पर स्थित गांव बतालाबहल में शनिवार की रात्रि नकाबपोश अज्ञात लुटेरे द्वारा घटना को अंजाम देते हुए आंगन में ही एक महिला के कान की बाली को उड़ा ले गए। उक्त घटना में दहशत के साए में बेहोश हुई महिला को इलाज के लिए करसोग अस्पताल लाया गया, जहां से दूसरे दिन रविवार उसे घर भेज दिया गया। थाना करसोग द्वारा घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर दी गई तथा थाना प्रभारी सतीश शर्मा सहित एएसआई झाबे राम शर्मा द्वारा घटना स्थल पर पहुंचते हुए छानबीन की गई। मिली जानकारी के अनुसार बतालाबहल गांव में एक महिला अपने निजी काम को लेकर कमरे से बाहर आंगन में पहुंची तो अचानक कोई अज्ञात व्यक्ति पीछे से आकर उसके कान की बाली पर झपट पड़ा व उड़ा कर अंधेरे में गायब हो गया। इस घटना में महिला बेहोश हो गई। हैरानी की बात है कि पिछले कई दिनों से करसोग के विभिन्न क्षेत्रों में नकाबपोश काले कपड़े वाले अज्ञात लोगों का दिखाई देना, जहां आम बात हो चुकी है, वहीं करसोग विधानसभा के सभी क्षेत्रों में चर्चाओं का बाजार पूरी तरह गर्म है कि नकाबपोश काले कपड़े वाले अज्ञात लोगों के पीछे आखिर रहस्य क्या है। विभिन्न क्षेत्रों में कई घटनाएं सामने आने पर जहां ग्रामीण दहशत के साए में हैं, वहीं आम लोगों का भी जनजीवन प्रभावित हो रहा है। करसोग के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत के चलते हालात यह भी बने हुए हैं कि बाहर से आने वाले लोग भी अब बुरी तरह डरे हुए हैं कि कहीं शक के दायरें में आकर इसका खमियाजा बिना कारण उन्हें न भुगतना पडे़, जिसके चलते पुलिस थाना करसोग द्वारा सभी लोगों से आग्रह किया है कि अपने पहचान संबंधी कोई न कोई दस्तावेज अवश्य साथ रखें, ताकि मौके पर पहचान संबंधी तथ्य सामने आ सकें। पुलिस चौकी पांगणा द्वारा रविवार को दूरदराज उपतहसील निहरी के एक गांव में तीन अज्ञात व्यक्तियों को छानबीन के लिए सूचना मिलने के बाद रोका तथा उनसे गहन छानबीन की जा रही है। हैरानी की बात है कि शाम होते ही थाना करसोग का टेलीफोन बजने लगता है तथा विभिन्न क्षेत्रों से काले कपड़े वाले दिखने संबंधी सूचनाएं आनी शुरू हो जाती है, जिसके चलते थाना करसोग के कर्मी भी पूरी रात भागमभाग में कभी इधर तो कभी उधर जागते हुए ही रात काट रहे हैं।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/sundernagar-mandi-news/%e0%a4%86%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a4%a8-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%a8-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%b2%e0%a5%87-%e0%a4%89%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a4%be/
No comments:
Post a Comment