धर्मशाला — लैंको लघु विद्युत परियोजना कर्मचारी यूनियन के सदस्य कंपनी प्रबंधन के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। कर्मचारी यूनियन का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन न ही उनका वेतन बढ़ा रहा है और न ही उन्हें ओवर टाइम का भत्ता दिया जा रहा है। शुक्रवार को यूनियन नेताओं के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन कार्यालय धर्मशाला के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मियों ने रैली निकाल कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारे भी लगाए। यूनियन नेता दिलबाग सिंह पठानिया ने बताया कि कंपनी ने कर्मियों को लिखित रूप से नियमित तौर पर वेतन वृद्धि, ओवर टाइम का अलग से भुगतान करने का समझौता किया था। बावजूद इसके प्रबंधन लंबे से कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रहा है। अब मजबूरन उन्हें प्रबंधन के इस रवैये के खिलाफ सड़कों पर उतरना पड़ा है। यूनियन ने कंपनी प्रबंधन को मांगपत्र भी सौंप दिया है। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित मांगें पूरी करने की बात कही है। मांगें पूरी न होने पर यूनियन ने कंपनी प्रबंधन को बिजली उत्पादन ठप करने की चेतावनी दी है। यूनियन नेताओं का कहना है कि परियोजना स्थल पर आवास, चिकित्सा, ओवर टाइम भत्ता, वेतनवृद्धि की जाए। इस मौके पर कर्मचारी यूनियन के अजय कुमार, विपिन कुमार, अजय कपुर, कुलदीप कुमार, जगदीश कुमार, राजकुमार, संजय, संदीप वालिया, रविंद्र पाल व विजय सिंह भी मौजूद रहे।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/dharamsala-kangra-news/%e0%a4%aa%e0%a4%97%e0%a4%be%e0%a4%b0-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%b8%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a4%95-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%ae%e0%a4%97%e0%a4%be%e0%a4%b0/
No comments:
Post a Comment