सलूणी — सलूणी एक्सचेंज के तहत पड़ने वाले करीब अढ़ाई सौ उपभोक्ताओं के लैंडलाइन फोन पिछले तीन दिनों से खामोश पडे़ हैं। बीएसएनएल के मोबाइल सिग्नल की आंख मिचौनी ने उपभोक्ताओं की दिक्कतों को दोगुना करके रख दिया है। हालात इस कद्र बिगड़ चुके हैं कि लैंडलाइन की डायल टोन बंद होने से स्थानीय स्तर पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। जानकारी के अनुसार सलूणी एक्सचेंज में स्थापित बैटरियां काफी पुरानी हो चुकी हैं और रखरखाव व व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए बीएसएनएल के तकनीकी कर्मचारी की गैर मौजूदगी ने समस्या में और इजाफा कर दिया है। एक्सचेंज में तकनीकी कर्मचारी न होने से जरा सी खराबी आने पर व्यवस्था ठीक होने में समय लग जाता है। बीएसएनएल की सलूणी एक्सचेंज लंबे अरसे से एक लाइनमैन के सहारे चल रही है। लाइनमैन को ही फील्ड सहित एक्सचेंज आदि की देखभाल करनी पड़ रही है। उपभोक्ता कुलदीप ठाकुर, रमेश कुमार, राजेंद्र सिंह, मदन, आशीष व विक्रांत व राम लाल आदि का कहना है कि बीएसएनएल की लचर सेवाएं जी का जंजाल बनकर रह गई हैं। उन्होंने बताया कि सलूणी में ब्रॉडबैंड तो कभी लैंडलाइन व्यवस्था ठप रहना आम बात हो गई है। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल समस्या जानते हुए भी अंजान बना हुआ है। उन्होंने बताया उधर, बीएसएनएल के सीजेएम प्रदीप कुमार का कहना है कि मीडिया के माध्यम से समस्या ध्यान में लाई गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही सलूणी में बीएसएनएल की सेवाओं में सुधार के लिए कडे़ कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल उपभोक्ताओं को बेहतरीन सुविधाएं देने के लिए कृतसंकल्पित है।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%b8%e0%a4%b2%e0%a5%82%e0%a4%a3%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%98%e0%a5%81%e0%a4%9f-%e0%a4%97%e0%a4%af%e0%a4%be-%e0%a4%98%e0%a4%82%e0%a4%9f%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%a6/
No comments:
Post a Comment