Show your support

Wednesday, May 15, 2013

सिरमौर रियासत को आज मिलेगा युवराज


नाहन — सिरमौर रियासत के शाही महल में बुधवार को करीब 66 वर्ष बाद रियासत की यादें फिर से ताजा होंगी। सिरमौर के नाहन स्थित शाही महल के कपाट पिछले तीन दिनों से खुले हैं तथा बुधवार को यहां पर जयपुर की महारानी राजमाता पद्मिनी देवी अपने नाती लक्ष्यराज का पूरे विधिविधान के साथ राजतिलक करेंगी। नाहन स्थित महल को इस कार्यक्रम के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड व हिमाचल के राज परिवारों के लोग नाहन पहुंचने आरंभ हो गए हैं। महल के भीतर जहां एक शानदार पंडाल लक्ष्यराज के राजतिलक के लिए तैयार कर दिया गया है, वहीं इस रस्म को अदा करने के लिए बाकायदा महारानी पद्मिनी देवी द्वारा जयपुर से राज पुरोहितों को नाहन अपने साथ लाया गया है। नाहन स्थित शाही महल में एक बार पुनः रियासतकालीन यादें ताजा हो गई हैं। महल में जहां पूर्व की भांति रंग-रोगन कर आकर्षक रूप प्रदान कर दिया गया है, वहीं रंग-बिरंगी लाइट से महल को लक्ष्यराज के राजतिलक के लिए सजा दिया गया है। दर्जनों वीआईपी गाडि़यां राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों से नाहन पहुंच चुकी हैं। दो दिनों से नाहन स्थित शाही महल में सिरमौरी वाद्य यंत्रों की धुनें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। महल के मुख्य गेट पर सिरमौरी लोक संगीत शहर के लोगों को इस राजघराने के भव्य कार्यक्रम को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। गौर हो कि बुधवार को सिरमौर रियासत के अंतिम शासक महाराजा राजेंद्र प्रकाश की बेटी व वर्तमान में जयपुर की राजमाता महारानी पद्मिनी देवी अपने नाती लक्ष्यराज को सिरमौर रियासत से नाहन स्थित ऐतिहासिक राजमहल का राजतिलक कर रही हैं। गौर हो कि महारानी पद्मिनी देवी की बेटी कुमारी दीया के दो पुत्र पद्मनाभ सिंह व लक्ष्यराज हैं। इनमें महारानी पद्मिनी देवी के नाती व कुमारी दीया के बड़े पुत्र 14 वर्षीय पदमनाभ सिंह को वर्ष 2002 में जयपुर रिसायत का वारिस घोषित किया जा चुका है। जानकारी के मुताबिक वर्ष 2011 में जयपुर के शासक कर्नल भवानी सिंह के देहांत के बाद किशोर पद्मनाभ सिंह को जयपुर रियासत का वारिस घोषित किया जा चुका है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%b8%e0%a4%bf%e0%a4%b0%e0%a4%ae%e0%a5%8c%e0%a4%b0-%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%b8%e0%a4%a4-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%86%e0%a4%9c-%e0%a4%ae%e0%a4%bf%e0%a4%b2%e0%a5%87%e0%a4%97/

No comments:

Post a Comment