Show your support

Wednesday, April 3, 2013

जुगनी ने जमकर नचाया जोगिंद्रनगर

जोगिंद्रनगर — पांच दिवसीय जिला स्तरीय जोगिंद्रनगर मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में सारेगामा फेम अर्शप्रीत कौर का जादू युवा वर्ग के सिर चढ़ कर बोला। अर्शप्रीत कौर ने मंच पर आते ही प्रसिद्ध गीत जुगनी से ऐसा माहौल बनाया कि उसके बाद उन्होंने लगभग एक घंटा तक बिना रुके अनेक पंजाबी व हिंदी गीत गाकर श्रोताओं के एक वर्ग को झूमने पर मजबूर कर दिया। हालांकि समझा जा रहा था कि पहली सांस्कृतिक संध्या होने के कारण व रात दस बजे तक ही कार्यक्रम होने के कारण दर्शकों की संख्या अधिक नहीं रहेगी, लेकिन पहली संध्या में ही दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली। कार्यक्रम की श्ुरूआत में तो दर्शकदीर्घा खाली ही रही, लेकिन ज्यों-ज्यों कार्यक्रम चलता रहा, त्यों-त्यों पंडाल में स्थान भरा जाने लगा। प्रथम सांस्कृतिक संध्या की स्टार कलाकार अर्शप्रीत कोैर ने रात लगभग 9 बजे मंच पर आते ही जुगनी गाकर कार्यक्रम का आगाज किया। इसके पश्चात अर्शप्रीत कौर ने ‘आइए मेहरबां’ गीत गाकर माहौल को जमाने का प्रयास किया। उसने ‘अज रल के गुजारेंगे रात, वे अल्लाह करे दिन न चढ़े’, ‘दिल मेरा मुफ्त का’, ‘टुक-टुक देखे, तकया करूं’, ‘इश्क का मंजन घिसे रे पिया’, ‘मेरे फोटो को सीने से यार चिपकाले सइयां फेविकोल से’ व पंजाबी नान स्टाप गीत गाकर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। इससे पूर्व हरि म्यूजिकल ग्रुप मंडी के गायक हरि का गीत ‘चानणिया रातां रा नजारा’ भी बेहद सराहा गया। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में जोगिंद्रनगर के विकास शर्मा, राज म्यूजिकल ग्रुप, परविंद्र म्यूजिकल ग्रुप, गुडि़या म्यूजिकल ग्रुप, अजीत शर्मा, अजय म्यूजिकल ग्रुप, आंचल राणा पिपली, जगदीश एंड पार्टी द्रुब्बल के अलावा हरि म्यूजिकल ग्रुप मंडी, असीम म्यूजिकल ग्रुप पालमपुर, शक्ति युवा मंडल ब्राधीवीर मंडी, विशाखा म्यूजिकल ग्रुप बंजार, सुकेत कला मंच सुंदरनगर, भीमाकाली म्यूजिकल ग्रुप सराहन के अलावा हास्य कलाकार पंकज डोगरा ने भी अपने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ब्यास वैली पावर कार्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय गुप्ता इस सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि पधारे, जबकि न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी जोगिंद्रनगर यजुवेंद्र सिंह ने बतौर विशेष अतिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। मेला कमेटी के अध्यक्ष एंव उपमंडल अधिकारी नागरिक किशोरी लाल ने इन्हें शाल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/sundernagar-mandi-news/%e0%a4%9c%e0%a5%81%e0%a4%97%e0%a4%a8%e0%a5%80-%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%9c%e0%a4%ae%e0%a4%95%e0%a4%b0-%e0%a4%a8%e0%a4%9a%e0%a4%be%e0%a4%af%e0%a4%be-%e0%a4%9c%e0%a5%8b%e0%a4%97%e0%a4%bf%e0%a4%82/

No comments:

Post a Comment