Show your support

Monday, April 29, 2013

होर्डिंग्ज लगाने पर 24 को नोटिस


नाहन — अपने सौंदर्य के लिए पूरे उत्तरी भारत में मशहूर नाहन शहर के सौंदर्यीकरण पर पोस्टरों व होर्डिंग्ज के माध्यम से बदनुमा दाग लगाने वाले करीब दो दर्जन से अधिक निजी शिक्षण संस्थानों व अन्य संस्थानों को नगर परिषद नाहन ने नोटिस थमा दिए हैं। नगर परिषद की अनुमति के बिना शहर के विभिन्न हिस्सों में शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटर व अन्य संस्थानों द्वारा होर्डिंग्ज व पोस्टर चिपकाए जाने के मामले का नगर परिषद नाहन ने कड़ा संज्ञान लिया है। शहर के सार्वजनिक स्थानों के अलावा शहर के मालरोड, चौगान, गुन्नूघाट, रानीताल व बस स्टैंड के अलावा कालेज व कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के इर्द-गिर्द विभिन्न व्यावसायिक संस्थानों के अलावा शैक्षणिक सत्र में प्रवेश को लेकर नगर परिषद की अनुमति के बिना पोस्टर चिपका दिए गए हैं। ऐसे में नगर परिषद ने इन संस्थानों के खिलाफ कड़ा संज्ञान लेते हुए करीब दो से अढ़ाई दर्जन कंपनियों व शैक्षणिक संस्थानों को नोटिस थमा दिए हैं। यही नहीं शहर में अवैध कब्जों, अतिक्रमण व शहर की गलियों व सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी नगर परिषद ने सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं। जानकारी के मुताबिक नगर परिषद ने अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों व शहर के लोगों की एक सूची तैयार कर ली है तथा द्वितीय चरण में उन्हें नगर परिषद नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। गौर हो कि नाहन शहर उत्तरी भारत के सुंदर शहरों में से एक है, परंतु शहर की दीवारों व सरकारी भवनों को कुछ कंपनियों व शैक्षणिक संस्थानों द्वारा अपने प्रचार का माध्यम बनाया गया है। शैक्षणिक संस्थानों की ओर लोगों को आकर्षित करने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में दीवारों को पोस्टरों से चिपका दिया गया है। उधर, इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी व सफाई निरीक्षक अजय गर्ग ने करीब दो दर्जन संस्थानों को नोटिस जारी करने की पुष्टि करते हुए कहा कि पोस्टरों पर लिखे गए फोन नंबर व पते पर नगर परिषद नोटिस भेज रही है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की अनुमति के बिना अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्ज व बोर्ड को हटाया जा रहा है। साथ ही संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/paonta-sahib-sirmaur-news/%e0%a4%b9%e0%a5%8b%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%a1%e0%a4%bf%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%8d%e0%a4%9c-%e0%a4%b2%e0%a4%97%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-24-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%a8%e0%a5%8b/

No comments:

Post a Comment