चंबा — कसाकड़ा मोहल्ला के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त संदीप कदम से मुलाकात कर जेल परिसर के समीप नए बस अड्डे के बंद पडे़ निर्माण कार्य को आरंभ करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने बस अड्डे के निर्माण कार्य का जिम्मा संभालने वाले ठेकेदार द्वारा काम के प्रति दिखाई जा रही लेटलतीफी को लेकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी इस मसले में हस्तक्षेप की मांग की है। कसाकड़ा मोहल्ले के रमन, संजय, रिशू, इशू, मनोज, धीरज, पवन, रमन, मनमीत, सुमीत, तरुण, रमेश व जरम सिंह आदि का कहना है कि कुछ समय पहले जेल परिसर के पास बनने वाले नए बस अड्डे का निर्माण कार्य ठेकेदार ने आरंभ किया था, लेकिन कुछ दिनों तक काम करने के बाद अचानक बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि बस अड्डे के निर्माण कार्य आरंभ करने के दौरान ठेकेदार ने जेसीबी लगाकर भूमि को समतल किया है, जिससे ऊपरी हिस्से में बसे घरों के भू-स्खलन की जद में आने का खतरा भी पैदा हो गया है। उन्होंने बताया कि अगर ठेकेदार ने निर्माण कार्य आरंभ करके यहां प्रोटेक्शन वाल न लगाई तो बरसाती मौसम में दिक्कतें पैदा हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि जेल परिसर के समीप 20-25 बीघा भूमि पर बनने वाले इस बस अड्डे से जहां शहरवासियों को रोजाना लगने वाले जाम से निजात मिलेगी, वहीं सौ वर्षों तक बेहतरीन बस अड्डा मिल जाएगा। मोहल्लावासियों ने बताया कि यहां नए बस अड्डे का निर्माण करने हेतु सरकार ने राजपुरा में नए जेल परिसर और परेल में निगम कार्यशाला का निर्माण कार्य भी करवा दिया, जो कि बड़ी जल्द शिफ्ट भी होने जा रहे हैं। मोहल्लावासियों ने सरकार व प्रशासन से आग्रह किया है कि बस अड्डे का निर्माण करने वाली हिमुंडा एजेंसी और ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने की हिदायत जारी करे।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%9c%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%ac-%e0%a4%ac%e0%a4%b8-%e0%a4%85%e0%a4%a1%e0%a5%8d%e0%a4%a1%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%ae-%e0%a4%b6%e0%a5%81%e0%a4%b0%e0%a5%82-%e0%a4%95/
No comments:
Post a Comment