Show your support

Thursday, March 14, 2013

चंबा में 136 एचआईवी पाजिटिव

चंबा — स्वास्थ्य विभाग के तत्त्वावधान में बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल के सभागार में मीडिया कर्मियों के लिए एड्स जागरूकता पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राकेश वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि उपस्थिति दर्ज करवाई, जबकि जिला एड्स अधिकारी डा. रामकमल ने अध्यक्षता की। शिविर के दौरान डा. रामकमल ने कहा कि एड्स जैसी लाइलाज बीमारी की रोकथाम हेतु चलाई जा रही योजनाओं में मीडिया की भूमिका को अहम करार दिया। उन्होंने खुलासा किया कि हिमाचल प्रदेश में कुल 6582 लोग एचआईवी पाजिटिव हैं और एड्स मरीजों की तादाद 2117 है। उन्होंने चंबा जिला का जिक्र करते हुए बताया कि चंबा जिला में कुल 136 एचआईवी पाजिटिव हैं, जिनमें 36 को एड्स ग्रस्त घोषित किया जा चुका है। डा. रामकमल ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के दौरान चंबा जिला में 8429 लोगों के आईसीटीसी टेस्ट के जरिए खून के नमूने एकत्रित किए गए। इनमें एचआईवी पाजिटिव के 11 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि एड्स बीमारी के कारण अपने मां-बाप को खो चुके जिला के 37 नौनिहालों को विभाग सालाना करीब तीन लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी मुहैया करवा रहा है। डा. रामकमल ने कहा कि एड्स की रोकथाम हेतु लोगों को फोक शोज के जरिए भी जागरूक किया जा रहा है। मार्च माह में जिला के विभिन्न हिस्सों में सांस्कृतिक दलों द्वारा 50 शोज किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मां के जरिए बच्चे में एड्स की बीमारी न फैले इसके लिए स्वास्थ्य विभाग गर्भवती महिलाओं की खून की जांच भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि 1422 गर्भवती महिलाओं के इस वर्ष एचआईवी टेस्ट किए गए हैं, जिनमें कोई भी पाजिटिव नहीं पाया गया है। इसके अलावा तपेदिक रोग से पीडि़त मरीजों के भी एचआईवी टेस्ट किए जा रहे हैं। एचआईवी पाजिटिव व एड्स के मरीजों की बढ़ती तादाद के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी वजह लोगों में इस बीमारी के प्रति जागरूकता है,क्योंकि लोग जागरूकता का परिचय देते हुए स्वयं टेस्ट हेतु आईसीटीसी सेंटर पहुंच रहे हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राकेश वर्मा ने कहा कि एड्स बीमारी फैलने की 88 फीसदी वजह असुरक्षित यौन संबंध है। उन्होंने एड्स रोकथाम हेतु चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी। शिविर में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. वाईडी शर्मा ने बेटी अनमोल योजना पर विचार रखे। शिविर में सहायक लोक संपर्क अधिकारी अमीन शेख चिश्ती के अलावा इलेक्ट्रानिक व प्रिंट मीडिया के पत्रकारों ने भाग लिया।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%9a%e0%a4%82%e0%a4%ac%e0%a4%be-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-136-%e0%a4%8f%e0%a4%9a%e0%a4%86%e0%a4%88%e0%a4%b5%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%be%e0%a4%9c%e0%a4%bf%e0%a4%9f%e0%a4%bf%e0%a4%b5/

No comments:

Post a Comment