Show your support

Tuesday, February 26, 2013

स्वाइन फ्लू से लड़ने के लिए चंबा पूरी तरह तैयार

चंबा — इन दिनों दहशत का कारण बने स्वाइन फ्लू का फिलहाल न तो कोई मामला जिला में सामने आया है तथा न ही किसी रोगी के खून के सैंपल में कोई संभावना दिखाई दी है, मगर फिर भी विभाग ने स्वाइन फ्लू से लड़ने की पूरी तैयारियां कर ली हैं। विभाग ने सभी ब्लॉक मेडिकल आफिसर व जिला में तैनात डाक्टरों को निर्देश जारी किए हैं कि इस बीमारी का कोई भी रोगी, जिसमें इस बीमारी के जीवाणुओं की संभावना दिखे, तुरंत मुख्यालय से संपर्क करें। स्वाइन फ्लू को लेकर विभाग डाक्टरों व अन्य पैरा मेडिकल स्टाफ की कार्यशालाएं भी आयोजित कर रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. वाईडी शर्मा ने बताया कि इन कार्यशालाओं के जरिए चिकित्सकों व अन्य स्टाफ को इस रोग से लड़ने की विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा बीमारी के लक्षण व बचाव हेतु प्रकाशित सामग्री भी दूरदराज के क्षेत्रों तक बांटी जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र अस्पताल में स्वाइन फ्लू के रोगियों के लिए अलग वार्ड की स्थापना पहले ही की जा चुका है, जिसमें वेंटीलेटर भी लगा है। इसके अलावा दवाइयों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू है या नहीं, इसे जांचने के लिए तीन श्रेणियां बनाई गई हैं। केटागरी ‘ए’ में न तो स्वाइन फ्लू परीक्षण की जरूरत है तथा न ही दवाइयों की। केटागरी ‘बी’ में लक्षण पाने जाने पर मरीज को अलग रखकर उसे दवा दी जाने की जरूरत रहती है। इसमें गर्भवती महिलाओं, वृद्धों, पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों व घातक बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों को हाई रिस्क कंडीशन के तहत रखा गया है। डा. शर्मा ने बताया कि केटागरी ‘सी’ के मरीज को स्वाइन फ्लू की जांच के साथ तुरंत अस्पताल में भर्ती किया जाना चाहिए। ऐसे मामले में मरीज को बुखार, खांसी, गले में दर्द, उल्टी, सांस लेने में तकलीफ, छाती में दर्द, रक्तचाप में कमी जैसे लक्षण दिखते हैं। उधर, इस संदर्भ में दवा विशेषज्ञ डा. जितेंद्र महाजन का कहना है कि हालांकि जिला में न तो कोई संभावित न ही इस रोग के मरीज का मामला सामने आया है, फिर भी इस पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि कोई व्यक्ति इसकी चपेट में न आए।






source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%b8%e0%a5%8d%e0%a4%b5%e0%a4%be%e0%a4%87%e0%a4%a8-%e0%a4%ab%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a5%82-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%b2%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%b2%e0%a4%bf/

No comments:

Post a Comment