हाड़ कंपाने वाली ठंड से ठिठुरा हिमाचल, बर्फ और बारिश से रास्ते ठप; माइनस से लुढ़का पारा

प्रदेश की ऊंची चोटियों बारालाचा, रोहतांग, शिंकुला, में एक फीट तक ताजा बर्फबारी हुई है। जबकि अन्य क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई है। इसके कारण लाहुल स्पीति के लिए सभी रास्ते बंद हो गए हैं। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर में पांच इंच के करीब बर्फबारी हुई है। ऐसे में केवल फोर बाई फोर वाहन ही जा पा रहे हैं। बर्फबारी व वर्षा के कारण हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।


अधिकतम तापमान में पांच से 11 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार दिवाली पर मौसम के साफ रहने का अनुमान है। हालांकि शनिवार को प्रदेश की ऊंची चोटियों पर एक दो स्थानों पर बर्फबारी व वर्षा की संभावना है।

प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट ऊना में 11 डिग्री, कांगड़ा में 10.2, चंबा में 9.2, सुंदरनगर में 8.8, बिलासपुर बरठीं में 7.3 व अन्य स्थानों में पांच से छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में ठंड के अचानक बढ़ जाने से जैकेट, कोट और गर्म कपड़ों को निकालना पड़ा है।

हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है नवंबर में अक्सर मौसम के ऐसे तेवर देखने को मिलते हैं। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरमौर के धौला कुआं में 21.9 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 18 डिग्री पर पहुंच गया है।

कहां कितनी वर्षा मिलीमीटर में

  • डलहौजी,41
  • बरठीं,21.5
  • कांगड़ा,20
  • ऊना,17
  • सुंदरनगर,11
  • शिमला,10

स्थान,न्यूनतम,अधिकतम

  • शिमला,8.5,15.2
  • सुंदरनगर,9.0,18.5
  • भुंतर,9.0,24.8
  • कल्पा,3.2,13.9
  • धर्मशाला,13.2,18.0
  • ऊना,12.0,18.0
  • नाहन,15.7,20.0
  • केलंग,-0.5,7.7
  • सोलन,8.0,20.0

Post a Comment

Latest
Total Pageviews