संजौली कालेज में जल्द ही छात्राओं को रहने के लिए छात्रावास मिलने जा रहा है। 150 छात्राओं को यहां पर रहने की सुविधा होगी। सबसे ज्यादा लाभ दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को होगा। ऐसे में उन्हें बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का भी अवसर मिलेगा, जबकि धन भी बचेगा। शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सुरेश भारद्वाज ने संजौली कालेज में छात्राओं के लिए बनाए जाने वाले छात्रावास के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया। मंत्री ने अधिकारियों और महाविद्यालय के कर्मचारियों को इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। हिमाचल प्रदेश के प्रथम उत्कृष्ट महाविद्यालय में सह-शिक्षा के अंतर्गत छात्राओं की संख्या अधिक है, जिसके तहत 150 छात्राओं को इस निर्माण से छात्रावास सुविधा प्राप्त होगी। अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कहा कि कार्य की पूर्ति के लिए किसी भी प्रकार की कोताही अधिकारी न बरतें।
महाविद्यालय का आर्ट्स ब्लॉक तथा अन्य सुविधाओं का निर्माण योजनाबद्ध रूप से हो सके, का भी निरीक्षण किया गया तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में विभिन्न औपचारिकताओं की पूर्ति की जा रही है तथा जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। महाविद्यालय के नीचे बाईपास कार्ट रोड पर पैदल चलने के पुल के निर्माण को तुरंत आरंभ करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। महाविद्यालय के नीचे कार्ट रोड पर अनाधिकृत रूप से टैक्सियों को खड़ा करने के प्रति कड़ा संज्ञान लेते हुए उन्होंने इस संबंध में पुलिस को कार्य करने की बात की। कालेज प्राध्यापकों को पार्किंग सुविधा के लिए भी कालेज के नीचे स्थान उपलब्ध करवाने के लिए चर्चा की जाएगी।
अधिकारी शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किए जाने वाले कार्यों में तीव्रता लाएं, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग सुरेश कपूर, संजौली महाविद्यालय प्राचार्य डा. सीवी मेहता, अधिशाषी अभियंता अजय सोनी, एसडीओ महावीर, कॉलेज के प्रवक्ता भूपेंद्र ठाकुर, भारती, राजेश धोरटा, राम लाल शर्मा तथा नरेश वर्मा भी उपस्थित थे।
The post संजौली कालेज में बनेगा गर्ल्ज होस्टल, भूमि का निरीक्षण appeared first on Divya Himachal.
No comments:
Post a Comment