रेस्क्यू आपरेशन में पुलिस की मदद से निकाला, रात करीब एक बजे खत्म हुआ आपरेशन,11 बसें भी फंसी थीं
ठियोग –गुरूवार रात को ऊपरी शिमला के ठियोग सहित आसपास के इलाकों में फिर से हुई बर्फबारी के बाद रात के समय सैंकड़ों वाहन ढली से कुफरी फागू के बीच फंस गए थे जबकि इनके अलावा एक दर्जन भर सरकारी बसें भी इन क्षेत्रों में जाम के कारण रात को फंसी रही। बर्फबारी के कारण गुरूवार देर शाम को ढली से कुफरी तथा फागू के बीच बर्फ में वाहनों के फंसने के कारण रात के समय यात्रियों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां पर रात के समय 300 छोटी गाडि़यां व 11 बसें कुफरी के पास जाम में फंस गई थी जिसे पुलिस की मदद से रात करीब एक बजे निकाला जा सका। इनमें चार बसें तारादेवी डिपो की थी। इनके अलावा दो बसें बर्फ में फिसलने के कारण सड़क के एक किनारे जा रूकी। पुलिस ने रात एक बजे सभी 300 के लगभग यात्रियों को सुरक्षित निकाला। हालांकि इस दौरान सभी यात्री सुरक्षित थे लेकिन रात के समय हुई बर्फबारी के दौरान पुलिस कर्मचारियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहा हसन वैली, कुफरी, गलू तथा लंबीधार के आसपास बर्फ में सैंकडों वाहन जाम में फंसे रहे। हालांकि बर्फ इतनी अधिक नहीं गिरी लेकिन फिर भी गाडि़यों के बर्फ पर फिसलने के कारण यह समस्या पैदा हुई। इसके अलावा बर्फबारी के बाद ठियोग में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। यहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यातायात सामान्य नहीं हो पाया है। जिस कारण शुक्रवार को ठियोग की कुछेक सड़कें यातायात के लिएं बंद होने के कारण वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी है। ठियोग में पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद अभी हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं और अभी भी कई क्षेत्रों में बिजली पानी व यातायात सामान्य नहीं है। ठियोग की अधिकतर संपर्क सड़कें यातायात के लिए पूरी तरह से बहाल नहीं है। लोक निर्माण विभाग ने मुख्य सड़कों को यातायात के लिए खोला है लेकिन सम्पर्क मार्ग अभी भी बंद होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति खराब है। ठियोग बाजार में ही अभी बर्फ के ढेर होने के कारण लोगों का आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि इसके अलावा फिर से हुई बर्फबारी के बाद ठियोग के 36 में से मात्र तीन रूट से ही बसें शुक्रवार सुबह ठियोग पहुंची है। ठियोग बस अड्डा प्रभारी सुभाष कालिया ने बताया कि इनमें ब्यौण सैंज तथा कलगांव से बसें आई है जबकि बाकि बसें ग्रामीण इलाकों में फंस गई है। कोटी झिनकरधार तथा चिखड़ के लिए अभी पिछली बार हुई बर्फबारी से सड़कों को पूरी तरह से नहीं खोला जा सका है।
The post कुफरी में फंसे सैकड़ों यात्री निकाले appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment