Tuesday, January 7, 2020

बर्फबारी ने ठप किया जनजीवन

कुफरी, छराबड़ा, नारकंडा खड़ा पत्थर में जाम लगने से लोगों को पेश आ रहीं दिक्कतें

ठियोग –सोमवार सुबह से हो रही हल्की बर्फबारी के चलते जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो चुका है। ठियोग सहित आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुफरी, फागू, गल्लू, छराबड़ा, नारकंडा आदि में सोमवार सुबह से ही हल्की बर्फबारी हो रही है जिस कारण सबसे अधिक असर यातायात पर देखने को मिला है। इस कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच पर बड़े वाहनों की आवाजाही दोपहर बाद से नहीं हो पाई है हालांकि बर्फ  कम गिरने के कारण छोटे वाहन दौड़ते हुए नजर आए। कुफरी, फागू, के साथ बर्फ  गिरने के कारण नेशनल हाईवे पर गाडि़यों के स्किट कर जाने के कारण जाम की भी स्थिति दिन भर बनी रही और इस कारण ढली से ठियोग के बीच जगह-जगह जाम लगने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नारकंडा में अधिक बर्फबारी के कारण यहां सुबह से ही बर्फ  गिरने शुरू हो चुकी थी जिसके बाद यहां से गुजरने वाले वाहनों की संख्या कम ही दिखाई दी। परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए रामपुर किन्नौर के लिए जाने वाली बसों को वाया बसंतपुर होकर भेजना शुरू किया है। इसके अलावा लोकल रूट पर निचले इलाकों में बसों की आवाजाही फिलहाल जारी है। ठियोग से कोटखाई के बीच तथा देहा तक बसों को भेजा जा रहा है लेकिन इससे आगे खड़ा पत्थर चौपाल के खिड़की चंबी आदि में अधिक बर्फ  गिरने के कारण यहां से बड़े वाहनों को निकालने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ठियोग के विभिन्न रूट पर चलने वाली सरकारी व निजी बसें फिलहाल अभी जा रही है लेकिन मौसम में अचानक जिस तरह से करवट ली है। इससे लग रहा है कि आने वाले एकाध दिन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। बर्फबारी के बाद जहां आम जनजीवन ठंड की चपेट में आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है वहीं दूसरी ओर बारिश के चलते किसानों बागबानों ने राहत की सांस ली है। सेब के बागीचे तथा खेतों में नमी होने के कारण किसान बागवान सर्दियों में होने वाले कार्यों को पूरा कर पाएंगे और खासतौर से खाद गोबर डालने का कार्य भी बर्फबारी के बाद शुरू हो जाएगा। इन दिनों ऊपरी शिमला के विभिन्न सेब बहुल क्षेत्रों में बागबान सेब के बगीचों में देखे जा सकते हैं और खासतौर से पौधों की पू्रनिंग के अलावा अन्य कार्य निपटाने में लगे हुए हैं। बागबानी विभाग के विषय विशेषज्ञ मदन ठाकुर ने बर्फबारी को सेब के पौधों के लिए बेहद लाभकारी बताया है। उन्होंने कहा कि इन दिनों सेब के पौधों के लिए बर्फ  का गिरना बेहद लाभकारी है क्योंकि इससे अधिकतर बीमारियां खत्म हो जाती है और उन्होंने यह भी कहा है कि पौधों के लिए सर्दियों के दिनों में पूरे होने वाले चिलिंग रिक्वायरमेंट भी तापमान गिरने से पूरी हो जाती है जिससे कि आने वाले दिनों में सेब की बेहतरीन फसल की उम्मीद बागबान लगा सकते हैं। उधर, सोमवार को हुई बर्फबारी के बाद पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सुनील सनाज्ञा ने बताया कि ऊपरी शिमला के लिए करीब एक बजे के बाद बसों को भेजना बंद कर दिया गया था क्योंकि कुफरी, फागू, छराबड़ा, नारकंडा, खड़ा पत्थर खिड़की आदि में काफी बर्फबारी के कारण इन क्षेत्रों में यातायात दोपहर बाद बंद हो गया था। इसलिए यात्रियों को किसी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े सरकारी बसों को रूट पर शिमला से भेजना बंद कर दिया था। उन्होंने कहा कि रामपुर के लिए वाया बसंतपुर होकर बसों को भेजा गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 8 जनवरी तक इसी तरह से बर्फ  गिरने वह बारिश होने की संभावना जताई गई है जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है यदि दो-तीन दिन बर्फबारी का दौर लगातार जारी रहता है तो इससे खासतौर से जिला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

The post बर्फबारी ने ठप किया जनजीवन appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.

No comments:

Post a Comment