क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत कार्य के चलते पांच दिन तक बंद हो गई थी चहलकदमी
नेरवा-नेरवा टू, सिविल अस्पताल नेरवा, ग्राम पंचायत रुसलाह व पुजारली की लाइफ लाइन कहलाने वाले नेरवा में शालवी नदी पर बने आयरन फुट ब्रिज पर फिर से आवाजाही शुरू होने से इन क्षेत्रों के लोगों ने राहत भरी सांस ली है। पुल की मुरम्मत का कार्य पूरा होने से लोग अब इस पुल पर सुरक्षित सफर कर सकेंगे। पैदल राहगीरों के लिए नदी को आर-पार करने के लिए यही एक मात्र विकल्प है। बता दें कि इस पुल पर प्रतिदिन उपरोक्त क्षेत्रों के हजारों लोगों के आलावा सैंकड़ों छात्र व मरीज भी आवाजाही करते हैं। इन क्षेत्रों को नेरवा तहसील मुख्यालय से जोड़ने वाला लोहे का यह पैदल झूला पुल काफी समय पहले क्षतिग्रस्त हो गया था। इस पुल में लगी प्लेटें जंग लगने से जगह-जगह से उखड़कर क्षतिग्रस्त हो गई थी व इस पर हर समय किसी हादसे का खतरा बना रहता था। स्थानीय लोग इस की मुरम्मत को लेकर सरकार व लोक निर्माण विभाग के समक्ष बीते दो साल से आवाज बुलंद किये हुए थे। इस मुद्दे को व्यापार मंडल नेरवा द्वारा बीते साल चार नवंबर को नेरवा में आयोजित जनमंच के दौरान जनमंच के संयोजक व प्रदेश सरकार के मुख्य सचेतक नरेंद्र ब्रागटा के समक्ष उठाया गया था। नरेंद्र ब्रागटा द्वारा लोक निर्माण विभाग को इस पुल की मुरम्मत तीन माह के भीतर करने के निर्देश देने के बावजूद जब एक साल बीतने पर भी इस की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो पाया तो व्यापार मंडल ने एक बार फिर से इसकी शिकायत सीएम हेल्प लाइन में कर दी जिस पर कार्रवाई करते हुए सरकार ने विभाग को इसकी शीघ्र मुरम्मत के निर्देश जारी किये। सरकार के आदेश पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने बीते सप्ताह इसकी मरम्मत का कार्य शुरू कर इसे पांच दिन के भीतर आवाजाही के लिए शुरू कर दिया है। हालांकि मुरम्मत कार्य के चलते इन पांच दिनों तक लोगों को थोड़ी बहुत परेशानी उठानी पड़ी परंतु लोगों की परेशानियां कम करने के लिए विभाग ने भी अपनी तरफ से भरपूर प्रयास किया। उधर व्यापार मंडल नेरवा, ग्राम पंचायत पुजारली व रुसलाह के लोगों ने पुल की मरम्मत करवाने के लिए मुख्यमंत्री व लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त किया है।
The post आयरन फुट ब्रिज बहाल appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
No comments:
Post a Comment