Show your support

Saturday, January 20, 2018

सचिवालय में तबादलों की गहमागहमी

शिमला – सत्ता परिवर्तन के बाद अब सचिवालय में भी अफसर शाही को फैंटा जा रहा है। सालों से एक ही ब्रांच की एक ही कुर्सी पर जमे सचिवालय कॉडर के अफसरों को लगातार बदला जा रहा है। अगले कुछ दिनों में यहां पर सचिवालय कॉडर के अधिकारियों को तबदील किया जाएगा, जिसकी गहमागहमी सचिवालय में खूब चल रही है। अब कौन कहां पर होगा और कौन किस पोस्ट की च्वाइस दे रहा है इसकी खूब चर्चा यहां चल रही है। सचिवालय में तबादलों के बाद से मंजर बदल चुका है। जो आलाधिकारी पहले हाशिए पर थे वो अब सक्रिय हो चुके हैं, जिनके पास अच्छे औहदे आ गए हैं। इसी तरह से वो लोग अपने साथ सचिवालय कॉडर के अफसरों को भी बदल रहे हैं, जो कि उनके साथ ही काम कर चुके हैं और हाशिए पर ही थे। यही नहीं, अफसरशाही में ये भी देखा जा रहा है कि वो किस क्षेत्र का रहना वाला है और किन नेताओं के साथ उनका ताल्लुख है। कई तरह के समीकरण भिड़ाकर यहां पर अच्छे महकमों का दायित्व लेने की होड़ लगी हुई है। शुरुआत में मुख्यमंत्री कार्यालय के नजदीक पहुंचने की होड़ थी, जो कि अब पूरी हो चुकी है। लिहाजा अब अच्छे विभाग लेने की होड़ चल रही है। कई वो आलाधिकारी सचिवालय में वापस पहुंच गए हैं, जो कि पूर्व की कांग्रेस सरकार में मलाइदार औहदों पर थे। उनके सचिवालय में बैठने के बाद कई लोग किनारा कर चुके हैं। इनके पास अब जो भी आ रहा है वो संवेदनाएं ही जता रहा है, ऐसे में यहां का माहौल पूरी तरह से बदल गया है। बहरहाल, सचिवालय कॉडर में तबादलों के दौर से खूब चर्चा है और आलाधिकारियों के साथ गोटियां बिठाने में इस कॉडर के अधिकारी लगे हुए हैं। यहां कई निजी सचिवों ने भी पसंदीदा पद हासिल कर लिए हैं, वहीं कई लोग पद लेने के लिए जोड़तोड़ में जुटे हैं। राज्य सचिवालय से सरकार चलती है और सचिवालय कॉडर की भी इसमें महत्त्वपूर्ण भूमिका रहती है। यहां आलाधिकारियों के साथ लगे या मंत्रियों के कार्यालय में लगे सचिवालय कॉडर के कर्मचारियों की अकड़ भी देखते ही बनती है। उनके व्यवहार में आए बदलाव पर भी कॉडर के बीच खूब चर्चाएं चल रही हैं। खैर सरकार बदलते ही माहौल बदल जाता है तो सचिवालय भी इससे अछूता नहीं रह सकता। आने वाले दिनों में यहां  कई लोगों के तबादले होने संभावित है। वहीं कर्मचारियों में भी दिन भर इसी बात की चर्चा रहती है कि आज किनके तबादले हुए हैं। इतना ही नहीं सचिवालय से बाहर के कर्मचारी भी दिन भर मोबाइल पर हर पल की जानकारी ले रहे हैं कि क्या लिस्ट आई या नहीं। सारा दिन धुकधुक बढ़ रही है।


^पूरी खबर पढ़े: source - DivyaHimachal

No comments:

Post a Comment