वन विभाग ने पुलिस-राजस्व कर्मियों के साथ की कार्रवाई, हाई कोर्ट के आदेशों पर पांच बीघा से ज्यादा कब्जाधारियों से छुड़वाए कब्जे
बाघी बीट में चार हजार सेब के पौधे काटे
वन विभाग ने बाघी-मातलु गांव के 15 बागबानों पर की कार्रवाई
नारकंडा – हाई कोर्ट के सख्त आदेश के बाद अब वन विभाग ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। वन विभाग, राजस्व विभाग पुलिस के साथ मिलकर अवैध रूप से लगाए गए सेब के पौधों को काटकर जमीन पर अपना कब्जा जमा रहा है। इसी कड़ी के तहत बाघी बीट के बाघी व मातलु गांव में पंद्रह बागबानों के लगभग चार हजार सेब के पौधो को काटकर वन विभाग ने सौ बीघा से ज्यादा जमीन को अपने कब्जे में लिया। मातलु गांव के सुरजन सिंह के 400 तथा हृदयाल के 300 सेब के पौधों पर विभाग की आरी चली। अधिकारियों के मुताबिक अब यह मुहिम और तेज कर दी जाएगी और पांच बीघा से ऊपर वाले सभी अवैध कब्जाधारियों पर कार्रवाई की जाएगी। अभी हाई कोर्ट द्वारा जारी की गई दस बीघा से ऊपर के अवैध कब्जाधारियों की लिस्ट के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग पूरी सतर्कता के साथ किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कर सरकारी भूमि पर अवैध रूप से लगाए गए सेब के पौधों को आरी से काट कर भूमि को अपने कब्जे में कर रहा है। ज्ञात रहे कि गत वर्ष वन भूमि पर कब्जा करने वाले छोटे कब्जाधारियों पर कार्रवाई की गई थी, लेकिन लोगों के रोष के बाद अब हाई कोर्ट ने विभाग को पहले बड़े कब्जाधारियों से कब्जे छुड़ाने के आदेश दिए हैं।
कोटी वन रेंज में 400 हरे पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी
सरकारी-निजी भूमि पर अवैध कटान, विभाग ने दर्ज करवाया मामला
शिमला – शिमला के वन रेंज कोटी में अवैध कटान का मामला सामने आया है। यहां पर करीब 400 पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई गई है। पेड़ों का यह कटान लंबे समय से चला हुआ था। पेड़ों के कटान का पता चलने पर वन अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जांच शुरू कर दी है, वहीं पुलिस की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी। आरंभिक जांच में एक व्यक्ति के खिलाफ इंडियन फोरेस्ट एक्ट के तहत के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक जहां पेड़ों का कटान किया गया है, वहां पर आरोपी की क्रशर लगाने की योजना थी। शिमला के जुन्गा क्षेत्र के कोटी इलाके में पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। यहां के भलवोग वन बीट के शलोट गांव में निजी भूमि के साथ ही जंगल में पेड़ों का कटान किया गया है। आरंभिक जानकारी में यहां पर करीब 400 पेड़ों के कटान की बात सामने आई है। पेड़ों के कटान का यह मामला शुक्रवार को वन अधिकारियों के ध्यान में आया और इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। कोटी वन रेंज अधिकारी अनु ठाकुर ने इस बारे में ढली पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। पेड़ों के कटान का पता चलते ही वन विभाग के अधिकारी और पुलिस की टीम डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में मौके पर शुक्रवार को पहुंची। पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके का मुआयना किया है और पाया कि यहां भारी संख्या में पेड़ काटे गए हैं। बताया जा रहा है कि काफी संख्या में काटे हुए पेड़ मौके पर मिले हैं। इनमें देवदार, चीड़ और बान के पेड़ शामिल हैं। वहीं, कई पेड़ों के ठूंठ मिले हैं। आरंभिक जांच के बाद पेड़ों के कटान के लेकर शलोट गांव के भूप राम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इसकी जमीन वहां साथ में लगती है। बताया जा रहा है कि जहां पर पेड़ों का कटान किया गया है, वहां पर आरोपी क्रशर लगाने जा रहा था। पेड़ों का यह कटान काफी लंबे अरसे से चला हुआ था और जांच में यह भी सामने आया है कि कई पेड़ों को जलाया गया है और वन विभाग की टीम ने आरोपी भूप सिंह के कब्जे से 33 बोरे कोयले के भी बरामद किए हैं। इसके अलावा काटे गए पेड़ों की लकडि़यां भी बरामद हुई है। भूप राम के अलावा एक अन्य व्यक्ति के घर पर भी लकडि़यां बरामद की गई हैं। पुलिस जांच कर रही है कि वन कटान के दौरान कटे पेड़ों की लकडि़यां बाहर तो नहीं भेजी गई। बहरहाल वन विभाग की टीम ने पेड़ कटान की वीडियोग्राफी की है और अधिकारी जांच कर रहे हैं कि बाकी काटे हुए पेड़ों को कहां डाला गया। वन विभाग अब निजी भूमि की डिमार्केशन भी कर यह जांच कर रहा है कि कितनी सरकारी भूमि और कितनी निजी भूमि पर पेड़ का कटान किया गया है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में शिमला के रामनगर में भी अवैध कटान का मामला सामने आया था। यहां भी कई पेड़ों का कटान हुआ था। हाई कोर्ट ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया था और वन विभाग से रिपोर्ट तलब की थी। इसके बाद वन विभाग भी हरकत में आया और इस मामले में कार्रवाई की। उधर, डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा ने कहा है कि पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। मौके पर काफी संख्या में काटे हुए पेड़ गए हैं और कुछ लकडि़यां भी बरामद की गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment