Show your support

Tuesday, June 24, 2014

एडवांस हाजिरी, गुरुजी गायब


सतौन (नाहन) — स्कूल से शिक्षकों के नदारद होने के मामले में हमेशा सुर्खियों में रहे जिला सिरमौर के शिक्षकों ने एक बार फिर स्कूल से नदारद रहकर पुरानी प्रथा कायम की है। जानकारी के मुताबिक जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के शिक्षा खंड सतौन के अंतर्गत आने वाली राजकीय प्राथमिक पाठशाला ढांक-पिपली व राजकीय प्राथमिक पाठशाला लवागो के शिक्षक शनिवार को ड्यूटी से नदारद पाए गए। शनिवार को क्षेत्र के ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी सतौन को दूरभाष पर सूचना दी कि स्कूल में तैनात शिक्षक ड्यूटी पर हाजिर नहीं हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर जब प्राथमिक शिक्षा खंड अधिकारी सतौन प्राथमिक पाठशाला लवागो व ढांक-पिपली के निरीक्षण पर गए तो पाया कि स्कूल में तैनात जेबीटी शिक्षक ड्यूटी से नदारद हैं। यही नहीं सूत्रों का कहना है कि नदारद रहे शिक्षकों ने शुक्रवार को ही एडवांस में शनिवार की हाजिरी भी लगा रखी थी। खंड शिक्षा अधिकारी ने जब रिकार्ड खंगाला तो पाया कि एक स्कूल में वास्तव में ही शिक्षक ने एडवांस में शुक्रवार को ही शनिवार की हाजिरी भी लगा रखी थी, जबकि अन्य स्कूल के शिक्षकों की हाजिरी का कॉलम खाली था। मामले की पुष्टि करते हुए प्राथमिक खंड शिक्षा अधिकारी सतौन वीरमंती ने बताया कि शनिवार को जब प्राथमिक पाठशाला ढांक-पिपली व लवागो का निरीक्षण किया गया तो दोनों पाठशाला से एक-एक जेबीटी शिक्षक नदारद थे। उन्होंने कहा कि एक स्कूल में शिक्षक ने शनिवार की हाजिरी पहले ही लगा रखी थी, जबकि अन्य स्कूल के शिक्षक ने अर्जित अवकाश की एप्लीकेशन प्राथमिक शिक्षा खंड कार्यालय में दे रखी थी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार शिक्षक को केंद्रीय पाठशाला में छुट्टी के लिए आवेदन करना पड़ता है। केंद्र शिक्षक द्वारा अनुमोदन के बाद प्रार्थना पत्र प्राथमिक शिक्षा खंड कार्यालय को भेजा जाता है। प्राथमिक शिक्षा खंड अधिकारी ने कहा कि ड्यूटी से नदारद रहे शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।







from Divya Himachal

No comments:

Post a Comment