मंडी — लोकसभा चुनावों के परिणाम आने से पहले अब नेताओं के मिलन का दौर शुरू हो गया है। मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी राम स्वरूप शर्मा ने मंगलवार को प्रदेश के तीन बडे़ नेताओं के साथ मुलाकात की और उनसे कई मामलों को लेकर चर्चा भी की। उन्होंने मंगलवार को प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंडित सुखराम से भी उनके निवास स्थान पर भेंट की। राम स्वरूप शर्मा सुबह पंडित सुखराम के निवास स्थान पर गए और उनसे मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। उल्लेखनीय है कि राम स्वरूप शर्मा ने चुनाव प्रचार के दौरान पंडित सुखराम को भी कई बार याद किया था। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान पंडित सुखराम के केंद्र में मंत्री रहते हुए प्रदेश के लिए किए गए योगदान का भी कई बार अपने भाषणों में जिक्र किया था। वहीं अब चुनाव के बाद उन्होंने पंडित सुखराम के घर जाकर उनसे भेंट की। भाजपा प्रत्याशी ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार से भी मंडी सर्किट हाउस में मुलाकात की। शांता कुमार कांगड़ा से कुल्लू के लिए जा रहे थे। इसी बीच स्थानीय भाजपा नेताओं ने सर्किट हाउस में उनका स्वागत किया और उनसे वार्ता भी की। वहीं राम स्वरूप शर्मा ने बताया कि मंगलवार को ही देर शाम उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से उनके घर जाकर भेंट की और उन्हें चुनाव प्रचार के दौरान सारे अनुभवों से अवगत करवाया। भेंट को लेकर उन्होंने बताया कि पंडित सुखराम प्रदेश के वरिष्ठ नेता हैं। वह चुनाव प्रचार के दौरान भी उनसे मिलना चाहते थे, लेकिन समय के अभाव के कारण नहीं मिल सके थे।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment