शिमला —मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश में संचार नेटवर्क सुविधाएं बढ़ाने तथा इंटरनेट की सुविधा दूरस्थ एवं निचले स्तर तक पंहुचाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार विशेषकर संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का सहयोग मांगा है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल से मिलकर उन्हें प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में किए जा रहे महत्त्वपूर्ण कार्यों से अवगत करवाया। वीरभद्र सिंह ने केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत करवाया कि प्रदेशवासियों को घर द्वार पर ही राजकीय सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए पंचायत स्तर पर लगभग 2500 लोकमित्र केंद्र स्थापित किए गए हैं तथा अब ऐसे केंद्र दिल्ली व चंडीगढ़ के हिमाचल भवनों में भी स्थापित किए जाएंगे। कपिल सिब्बल ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए मामलों को बड़े ध्यानपूर्वक सुना तथा प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा आरंभ किए गए कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि हिमाचल प्रदेश ने सूचना प्रौद्योगिकी का सहारा लेकर प्रशासनिक सुधार की दिशा में जो कदम उठाए हैं, उसमें केंद्र सरकार अपना हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के इस युग में इन सुविधाओं का बड़े स्तर पर उपयोग करने से ही शासन एवं प्रशासन में सुधार लाया जा सकता है और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी सुनिश्चित बनाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रशासन के बड़े स्तर से लेकर पंचायती राज संस्थाओं तक सूचना प्रौद्योगिकी का सहारा लेकर राजकीय कार्यप्रणाली में व्यापक बदलाव लाने के प्रयास आरंभ किए हैं।
from Divya Himachal
No comments:
Post a Comment