सुंदरनगर — मंडी संसदीय उपचुनाव में हुई करारी हार को लेकर रविवार को जिला भाजपा सुंदरनगर की समीक्षा बैठक जिला अध्यक्ष राकेश जम्वाल की अध्यक्षता में शीतला मंदिर परिसर में आयोजित की गई। इस मौके पर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे जयराम ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि इस उपचुनाव को जीतने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जहां कांग्रेस विधायकों को चुनाव में लीड दिलाने के लिए मंत्रिपद देने का प्रलोभन दिया था, वहीं मंत्रियों को भी लीड न दिलाने के एवज में झंडी छिनने का डर पैदा कर दिया था। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह की जीत नहीं हुई, बल्कि सत्ता में बैठी कांग्रेस सरकार की हुई है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा भी सत्ता में थी तो उस समय रेणुका तथा रोहड़ू विधानसभा उपचुनाव में सत्तासीन भाजपा के पक्ष में चुनाव के नतीजे आए थे। उन्होंने इस बार हुए चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने और भाजपा कार्यकर्ता तथा समस्त नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बेहतर कार्य किया है। इस अवसर पर जिला भाजपा के आए पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों और जिला कार्यकारिणी सदस्यों से संगठन को मजबूत करने के लिए सुझावों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव से बहुत सी बातें सीखने को मिली हैं और आगामी चुनावों में इस तरह से सामने आई कमियों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में कोई जीत व हार स्थायी नहीं होती। इससे पूर्व मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा ने बताया कि बूथ पालक योजना के तहत प्रमुख भाजपा कार्यकर्ताओं को एक-एक बूथ आबंटित कर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/sundernagar-mandi-news/%e0%a4%b8%e0%a4%a4%e0%a5%8d%e0%a4%a4%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%b0%e0%a5%8c%e0%a4%ac-%e0%a4%a6%e0%a4%bf%e0%a4%96%e0%a4%be%e0%a4%95%e0%a4%b0-%e0%a4%9c%e0%a5%80%e0%a4%a4%e0%a5%80-%e0%a4%95/
No comments:
Post a Comment