धरवाला — चंबा-भरमौर मार्ग पर स्थित रंगाघार बरसात का मौसम शुरू होते ही परेशानी का सबब बनने लगा है। बुधवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते एक मर्तबा फिर मार्ग पर यातायात व्यवस्था ठप पड़ गई। अलबत्ता गुरुवार सुबह मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया, जिसके बाद गुरुवार सुबह से ही शाम तक मार्ग के थोडे़-थोडे़ अंतराल के बाद मलबा गिरने के चलते बंद होने का क्रम भी जारी रहा, जिसके चलते यात्रियों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। लिहाजा सुबह के समय चंबा से भरमौर और होली के लिए रवाना हुई सरकारी बसों को ट्रांसमीटर कर आगे भेजा गया। जानकारी के अनुसार बरसात का मौसम शुरू होते ही चंबा-भरमौर मार्ग पर रंगाघार लोक निर्माण विभाग और यात्रियों के लिए आफत बनने लगी है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात हुई बारिश के चलते मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुबह दस बजे तक ठप रही। इस दौरान निगम और निजी बसों में सवार यात्रियों के साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बताया जा रहा है कि बारिश होने के चलते उक्त स्थान पर गिरे मलबे ने दलदल का रूप ले लिया है, जिसके चलते गुरुवार सुबह से शाम तक थोडे़-थोड़े अंतराल के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था के ठप पड़ने का सिलसिला भी जारी रहा। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने यहां पर नियमित तौर पर एक जेसीबी मशीन की तैनाती भी कर रखी है। बावजूद इसके मलबा अधिक होने के चलते मार्ग को बहाल करने के लिए काफी वक्त लग रहा है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता एमके मिन्हास का कहना है कि नियमित तौर पर मशीन की तैनाती रंगाघार में कर दी गई है। बारिश के चलते मलबा सड़क पर गिर रहा है, जिसके चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है।
source: DivyaHimachal
Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%9a%e0%a4%82%e0%a4%ac%e0%a4%be-%e0%a4%ad%e0%a4%b0%e0%a4%ae%e0%a5%8c%e0%a4%b0-%e0%a4%ae%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%97-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%a5%e0%a4%ae%e0%a5%87-%e0%a4%97%e0%a4%be/
No comments:
Post a Comment