Friday, June 28, 2013

केस वापस न लिया तो करेंगे आंदोलन


चंबा — होली-बजोली जल विद्युत परियोजना के निर्माण स्थल पर टिप्पर हादसे के बाद ग्रामीणों और कंपनी प्रबंधन के बीच हुई झड़प का मामला तूल पकड़ गया है। साथ ही कंपनी प्रबंधन द्वारा छह लोगों पर दर्ज मुकदमे को भाजपा मंडल और युवा मोर्चा भरमौर ने झूठा करार दिया है। अलबत्ता मामले दर्ज होने पर भड़की भरमौर भाजपा ने कंपनी को दो टूक चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं पर दर्ज करवाया गया मामला वापस नहीं लिया तो वह किसी भी सूरत में प्रोजेक्ट का काम शुरू नहीं होने देंगे। गुरुवार को पर्यटन निगम के चंबा स्थित होटल इरावती में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान भरमौर भाजपा मंडलाध्यक्ष रवि जुलकाण और युवा मोर्चा अध्यक्ष मोनू शर्मा ने यह ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में न्याग्रां मार्ग पर हुए टिप्पर हादसे के पीछे की वजह कंपनी और ठेकेदार द्वारा की गई अवैध डंपिग रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा निर्माण स्थल से ही सड़क पर मलबा फेंकने के चलते रास्ता संकीर्ण हो गया था और कंपनी के अधिकारी ने टिप्पर चालक पर यहां से बस गुजरने का हवाला देकर वाहन को ले जाने के लिए उकसाया, जिसके परिणामस्वरूप सड़क का डंगा धंस गया और टिप्पर नीचे लुढ़क गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि वन मंत्री के इशारे पर कंपनी प्रबंधन ने भाजपा के वरिष्ठ नेता समेत पांच अन्य कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने कंपनी को दो टूक कहा है कि अगर नेताओं व मंत्री के दबाव में आकर वह यहां पर काम करना चाहती है। साथ ही कंपनी प्रबंधन और मंत्री के खिलाफ भाजपा उग्र आंदोलन शुरू कर देगी। इस मौके पर जिला भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष धीरज नरयाल, भाजपा मंडल चंबा के अध्यक्ष प्रकाश शांडिल, कर्म चंद, बीडीसी सदस्य चमन लाल शर्मा, प्रदीप राणा, देसराज समेत अन्य मौजूद रहे। पत्रकारवार्ता के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष धीरज नरयाल ने भी प्रदेश सरकार और कंपनी प्रबंधन पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने कहा कि नेताओं के दबाव में आकर कंपनी काम कर रही है और भाजपा नेताओं व कार्यकर्ता पर मामला दर्ज करवाया गया है, जिसकी भाजपा युवा मोर्चा कडे़ शब्दों में निंदा करती है।







source: DivyaHimachal

Full Story at: http://www.divyahimachal.com/himachal/chamba-news/%e0%a4%95%e0%a5%87%e0%a4%b8-%e0%a4%b5%e0%a4%be%e0%a4%aa%e0%a4%b8-%e0%a4%a8-%e0%a4%b2%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a4%be-%e0%a4%a4%e0%a5%8b-%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87-%e0%a4%86/

No comments:

Post a Comment