सोलन — मनरेगा ने प्रदेश की महिलाओं को जीने की नई राह प्रदान की है। अपने परिवार की आर्थिकी में मनरेगा के माध्यम से महिलाओं ने अपना अहम योगदान देना शुरू किया है। प्रदेश में होने वाले कुल कार्यर्ाें में से 60 फीसदी कार्य महिलाआें द्वारा किए जा रहे हैं। इससे लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। मंगलवार को लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी मसूरी द्वारा सात राज्यों के प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशाला के दौरान हिमाचल प्रदेश ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक डा. अमनदीप ने उक्त जानकारी प्रदान की। कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मनरेगा से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचा सुदृढ़ हुआ है। साथ ही देश के विकास को तेजी मिली है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मनरेगा के माध्यम से प्रत्येक पंचायत में 25 लाख से लेकर एक करोड़ रुपए तक की राशि विकास कार्यों पर खर्च की जा रही है। इसके अतिरिक्त कमजोर वर्गों के लोगों, छोटे और सीमांत किसानों को भी मनरेगा से लाभ दिया जा सका है। इन कार्यों से विकास के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं। कार्यशाला को संबोधित करते हुए हरियाणा के ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक नितिन यादव ने कहा कि हरियाणा के सीमांत जिलों में इस योजना से ग्रामीण जनता को काफी लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के परस्पर समन्वयक से इसे और प्रभावी किया जा सकता है। राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी मसूरी के प्रो. एमएल गुप्ता ने बताया कि दो दिवसीय कार्यशाला में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, बिहार और हिमाचल प्रदेश के प्रशासनिक तथा ग्रामीण विभाग के उच्च अधिकारी भाग ले रहे हैं। ये अधिकारी सोलन जिला में मनरेगा के तहत हुए कार्यों को भी देखेंगे। इस अवसर पर उपायुक्त सोलन मीरा मोहंती ने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत सोलन जिला में लोगों की आवश्यकताओं को देखते हुए मनरेगा कार्य करवाए गए हैं। जिला में औद्योगिक क्षेत्र तथा नकदी फसलों का काफी क्षेत्र होने के बावजूद मनरेगा से ग्रामीण क्षेत्र में विकास की दृष्टि से उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। इस मौके पर चेवा के प्रधान रमेश चौहान तथा ममलीग की प्रधान सत्या चौहान ने भी मनरेगा के तहत चल रहे विकास कार्योें में आ रही समस्याओं से अवगत करवाया। अतिरिक्त उपायुक्त सीपी वर्मा ने कहा कि मनरेगा के तहत विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों की कायाकल्प संभव है।
via http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%ae%e0%a4%a8%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%97%e0%a4%be-%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%ae%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%a6-%e0%a4%ac%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%88%e0%a4%82-%e0%a4%ae%e0%a4%b9/
No comments:
Post a Comment