Wednesday, February 13, 2013

बाबा रामदेव 27 को साधुपुल में


शिमला —राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के निशाने पर रहे योगगुरु बाबा रामदेव और पतंजलि योग ट्रस्ट के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण 27 फरवरी को साधुपुल पहुंच रहे हैं। पतंजलि योगपीठ के तहत इस दिन बाबा रामदेव 1400 वर्ग मीटर में तैयार हो चुकी प्रयोगशाला, ओपीडी, योगभवन, औषधि बिक्री केंद्र, जड़ी-बूटी क्रय केंद्र, किसान-बागबानों के लिए प्रशिक्षण हाल का उद्घाटन करेंगे। धूमल सरकार ने बाबा रामदेव के पतंजलि योग ट्रस्ट को साधुपुल में 96 बीघा जमीन लीज पर दी थी। इसे कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए सदन के अंदर व बाहर मुद्दे के तौर पर उठाया था। हालांकि प्रदेश सरकार की जांच अभी तक शुरू भी नहीं हुई है, मगर बाबा रामदेव के उद्घाटन ने पूरे प्रदेश ही नहीं पूरे देश की निगाहें पहाड़ी प्रदेश में बनने वाली पतंजलि योग ट्रस्ट व इसके साथ संभावित आयुर्वेद कालेज व अन्य संस्थानों पर टिकी हैं। साधुपुल इसलिए भी सुर्खियों में आने लगा है, क्योंकि यहां कई पूर्व मंत्रियों ने बेशकीमती जमीनें खरीद रखी हैं। सूत्रों के मुताबिक एक पूर्व मंत्री ने अपने बेटे के नाम चायल में दर्जनों बीघा जमीन खरीदी है, वहीं दो अन्य बड़े नेताओं के नाम की भी चर्चाओें में हैं। पतंजलि योग ट्रस्ट व भारतीय स्वाभिमान ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक बाबा रामदेव 27 फरवरी को पंचायत स्तर पर तैनात भारतीय स्वाभिमान ट्रस्ट के हिमाचल के सभी पदाधिकारियों की बैठक लेंगे व उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। योगपीठ में ही निःशुल्क योग शिविर के प्रथम चरण का बाबा रामदेव इस दिन उद्घाटन करेंगे। वहीं ट्रस्ट के सदस्यों व वहां जुटने वाली भीड़ को भी संबोधित करेंगे। पदाधिकारियों ने बताया कि इसी योगपीठ में हिमाचल के किसानों-बागबानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए वहां पर प्रशिक्षण की पर्याप्त व्यवस्था भी जुटाई जाएगी। बाबा रामदेव के आने की आहट से हिमाचल में सियासत फिर से गरमाने की संभावना है। उधर, भारतीय स्वाभिमान ट्रस्ट के राज्य प्रभारी लक्ष्मीदत्त शर्मा ने बाबा रामदेव व आचार्य बालकृष्ण के आगमन की पुष्टि की है।







via http://www.divyahimachal.com/himachal-latest-news/%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%ac%e0%a4%be-%e0%a4%b0%e0%a4%be%e0%a4%ae%e0%a4%a6%e0%a5%87%e0%a4%b5-27-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%a7%e0%a5%81%e0%a4%aa%e0%a5%81%e0%a4%b2-%e0%a4%ae%e0%a5%87/

No comments:

Post a Comment